Pages

Showing posts with label आत्मनेपद. Show all posts
Showing posts with label आत्मनेपद. Show all posts

Tuesday, 13 November 2012

दीपावली का मध्यमवर्गीय बोध !



हम जैसे मध्यमवर्गीय और जनपदीय नागरिक बोध वाले लोगों के लिए दीपावली केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि कौशल विकास का एक अवसर होता है. तरह-तरह के दिये बनाना, रंगोली से घर-आँगन सजाना, मिट्टी से लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ बनाना, पारंपरिक मिठाइयाँ और व्यंजन बनाना, टूटे रिश्तों को जोड़ लेना—ये ऐसे कौशल हैं जिनका दीपावली के आस-पास अभ्यास और हस्तान्तरण किया जाता है. सिर्फ दीपावली ही नहीं, हमारे सभी पर्व और त्यौहार, हमारे विशिष्ट कौशलों से जुड़े हुए हैं. हम अपने पर्वों का अगर समाजशास्त्रीय नज़रिए से अध्ययन करें तो पायेंगे कि इनका जन्म और विकास श्रम की महत्ता, रिश्तों की विवशता, प्रेम के आवेग, और अभाव में जीने की कला के रूप में हुआ.

यद्यपि आज हम जिस तरह के समय में रह रहे हैं उसमें हमारे व्यक्तिगत कौशलों का बुरी तरह से विनाश हुआ है. बाज़ार की संस्कृति का आक्रामक प्रसार हुआ. महानगरीय जीवन शैली की मृग-मारीचिका में छोटे शहरों, कस्बों और गाँवों के लोग भटक गयें. महानगर हमारी आधुनिक सभ्यता की देन हैं. उनकी अपनी कोई संस्कृति और परंपरा नहीं होती. उनकी जड़ों को हम खोजने जायें तो ज़्यादा दूर तक नहीं जा पायेंगे. दरअसल महानगर ऐसे लोगों का समूह हैं जो अपनी संस्कृति और अपनी स्मृति से कट कर आये होते हैं. इनके पास भी यही पर्व-त्यौहार हैं, लेकिन उनके प्रवाह और परंपरा का बोध नहीं है. इन लोगों के पास पर्वों का उत्सव-पक्ष तो होता है, लेकिन उनसे जुड़े मूल्यों से अनजान होते हैं.

महानगरों और शहरों के निर्माण में सामाजिक कारणों से ज़्यादा आर्थिक कारणों की भूमिका होती है. उत्पादन के साधनों की केन्द्रीयता, धन की प्रवाहशीलता, श्रम की उपलब्धता, और विपणन की बहुआयामितता के कारण शहरीकरण बढ़ा है. लोग शहरो और महानगरों की ओर इसलिए भी भाग रहे हैं कि वहाँ जकड़न कम है. वहाँ जाति व्यवस्था ढीली है. धार्मिक और जातीय परंपराओं के आग्रह कम हैं. शिक्षा और वैज्ञानिक चेतना के प्रसार के कारण शहरों में अंधविश्वास कम हैं. रूढ़ियों से मुक्त होने ते पर्याप्त अवसर हैं शहरों में. शहरों और महानगरों में जीवन का चरम उद्देश्य या इसे चरम मज़बूरी कह लें, धन उपार्जन होता होता है. इसीलिए यहाँ धर्म-जाति-सम्प्रदाय-छूत-अछूत आदि के आग्रह हाशिए पर चले जाते हैं.

लेकिन यह प्रवाह एकतरफा नहीं होता. जिस तरह से लोग गाँवों और कस्बों से नगरों और महानगरों की ओर गए, उसी तरह कुछ चीज़ें महानगरों से गाँव-कस्बों की ओर भी आयीं. इनके संवाहक बने संचार के आधुनिक साधन. हमारे ग्रमीण भारत में समृद्धि तो नहीं पहुँची लेकिन उनके श्वेत-श्याम और मटमैले परिवेश में रंगीन ज़िन्दगी के स्वप्न पहुँच गये. सपने अक्सर मोहक होते हैं. महानगरों से पहुँते इन रंगीन सपनों ने ग्रामीण और कस्बाई जीवन में ऐसी अदम्य लिप्सा पैदा की कि वो लगातार हीनग्रन्थि के शिकार होते गये. इसकी प्रतिक्रिया में ग्रामीण समाज अपनी जड़ों को छोड़ने के लिए उद्धत हो उठा, और कल तक जो जीवन्तता, बेफिक्री और सहकारिता उनकी पहचान थी, आज वह उनकी स्मृति का हिस्सा बन गई.

यह बदलाव एक तरह से सामाजिक बदलाव तो था ही, उससे भी अधिक यह एक शैलीगत संक्रमण था. महानगरीय समाज तो होता ही एक विखंड़ित समाज है. यहाँ अलग-अलग समाजों से पलायन करके लोग आते हैं. यहाँ आने वाले लोगों को उस विशिष्ट नगर की विशिष्ट जीवन-शैली से अपने आपको अनुकूलित करना होता है. जाहिर है कि यह विशिष्ट नागर शैली आर्थिक प्रक्रियाओं से निगमित और नियमित होती है.

हम ध्यान से देखें तो भारतीय ग्रामीण समाज में पिछले पचास वर्षों से सामाजिक परिवर्तन के कोई प्राकृतिक लक्षण नहीं नज़र आते. जो परिवर्तन होने थे, वो आज़ादी के बीस-पच्चीस वर्षों में मूर्त हो गये थे. इस दौर में ग्रामीण समाज ने अपनी नष्ट हो चुकी अर्थव्यवस्था का पुनर्निर्माण किया. शिक्षा उनके पास तक पहुँची. उत्पादन के उनके अपने स्रोत पुनर्जीवित हुए. इन सम्मिलित प्रक्रियाओं से एक ऐसे भारतीय समाज की शक्ल बनी, जिसकी अपनी स्पष्ट देशज पहचान थी.

लेकिन अब जो परिवर्तन ग्रामीण समाज में हो रहे हैं, वो उनकी अपनी ज़रूरत और उनकी आंतरिक अन्तर्क्रियाओं से नहीं हो रहे हैं. ये परिवर्तन शहरी समाज के संक्रमण से हो रहे हैं. इसीलिएस्वाभाविक नहीं हैं. संक्रमण जहाँ भी होता है, वह मौलिक स्थापना में विकृति पैदा करता है. जबकि स्वाभाविक परिवर्तन में सुसंगति होती है. विकृति और सुकृति में मौलिक अन्तर अनुपात, समयबद्धता और ज़रूरत का ही तो होता है.


तो, नागर जीवन और ग्राम्य जीवन के मध्य किसी बिन्दु से मैं एक और दीपावली को आता हुआ देख रहा हूँ. मैं न तो पूरा ग्रामीण रह गया हूँ और न पूरा शहरी हो पाया हूँ.......मैं शहरी आकांक्षा और ग्राम्य स्मृतियो के द्वन्द्व की उपज हूँ.......मैं उस मध्यमवर्गीय चेतना का प्रतिनिधि हूँ, जो महानगरीय संस्कृति और आदिम देसी संस्कृति के परस्पर संक्रमण से निर्मित हुई है......इसीलिए मेरी विवशताएँ शहरी हैं और मेरी स्मृतियाँ ग्रामीण हैं.......मेरे आगे की ओर दीपावली के दिखावे और प्रदर्शन-लोलुपता हैं, तो मेरे पीछे श्रम और कौशल से पैदा होने वाला सुख, अभाव में भी स्वाभिमान से रहने का हौसला और मन एवं जिह्वा पर देसी व्यंजनों का स्वाद है.

एक मझोले शहर में जवान होने से पहले, मैं एक सम्पन्न कस्बे का बच्चा था. मेरी पैदाइश और प्राथमिक स्तर की शिक्षा उसी कस्बे की है. जिन लोगों का बचपन किसी कस्बे में गुज़रा होगा, वे जानते होंगे कि कस्बाई जीवन कितने बहुरंग अनुभव देता है. मैं जिस कस्बे में रहता था उसमें कई वर्गों और विविध हुनर वाले लोग थे. एक घनी बस्ती में व्यापारी, शिक्षक, पुलिस, के साथ ही धोबी, मोची, जुलाहे, दरवेश, सुनार, लोहार, कुम्हार, भुँजवा, दर्जी, बरई, मेहतर, बसुहार, छक्के, हलवाई और कसाई—सब तरह के उद्यमी थे. इन्हीं सबके बीच खेलते-कूदते मैं भी बड़ा हो रहा था. यहाँ हमारा कोई स्थायी घर नहीं था. माता-पिता शिक्षक थे. हम किराये के मकानों में रहते थे. कभी बनियों के टोले में, कभी जुलाहों के टोले में तो कभी धोबियों के टोले में. इन्हीं दिनों में मैने कपड़े सिलना, बीड़ी बनाना, ज़ेवर बनाना, पटाखे बनाना, राखियाँ बनाना, बैण्ड बाजा बजाना, ताजिए बनाना, मुर्गे लड़ाना और कुछ गोपन कलाएँ सीखने की कोशिश की.

मेरा पैतृक गाँव इस कस्बे से दो-तीन मील की ही दूरी पर था. लेकिन उन दिनों इतनी दूरी भी कठिन होती थी. हम लोग साल में दो बार छुट्टियों में ही गाँव जा पाते थे. दशहरे से दीवाली तक पच्चीस दिनों की छुट्टियाँ होती थीं. इन्हें फसली छुट्टी कहा जाता था. इस मौसम में गाँव की खूबसूरती सम्मोहित कर देने वाली होती थी. खेतों में धान की फसल पक चुकी होती थी. फसल कट कर खलिहान में रखी जाती. और धान की गहाई चलती रहती. तब बैलों से गहाई का काम होता. हम गाँव पहुँचते ही बैलों को हाँकने का जिम्मा उठा लेते. धान के गट्ठरों से उठती सोंधी महक हर समय हमें एक नशे से भरे रहती. सुबह उठकर धूप में सभी बच्चे एक साथ बैठकर रोटी-दही-मक्खन का कलेवा करते और फिर खेत-खलिहान की तरफ खेलने-कूदने-लड़ने-झगड़ने निकल जाते.

इसी धानी महक के बीच दीवाली आती थी. घर छूही या ऊसर की सफेद मिट्टी से पोता जाता. आँगन और दुआर गोबर से लीप दिया जाता. सुबह से ही बहनें, काकियाँ और अम्मा इस काम में जुट जातीं. तुलसी के चौरे के पास ही लक्ष्मी-गणेश की झाँकी सजाई जाती. लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा एक-दो दिन पहले ही मिट्टी से बना ली जातीं. झाँकी सजाने के लिए केले के पत्ते, आम की टेरी, गेंदे के फूल और कपड़ों आदि के साथ मिले गत्ते के रंगीन डिब्बों का उपयोग किया जाता. घर में ही खोवा बनाकर उसके पेड़े और बेसन के लड्डू प्रसाद के लिए बनाये जाते. हम बच्चों का काम फूल इकट्ठा करना होता था. हम दिन भर आस-पास की झाड़ियों में उगी नामालूम लताओं से फूल चुनते. पटाखे हमारे गाँव के लोग उसी कस्बे से खरीद लाते थे, जहाँ हम लोग रहते थे. हम अपने पटाखे छुट्टी में आते समय ही खरीद लाते थे. चूँकि मैं पटाखे बनाने वालों के काम में हाथ बँटा देता था, अतः कुछ पटाखे मुझे मुफ्त में मिल जाते थे. पटाखों के लिए घर से बहुत कम पैसे मिलते. इतने कम पैसों के पटाखे खरीदते हुए बहुत शर्मिन्दगी होती थी. बाद में जब हम शहर में आकर बड़े हुए, तब भी इस शर्मिन्दगी ने पीछा नहीं छोड़ा. हमारे दोस्तों के पापा बड़े-बड़े डिब्बों में भरकर पटाखे लाते, जबकि हमारे पिताजी जेब मे रख कर पटाखे ला देते.

दरअसल, शहर आकर ही पता चला कि दीपावली दीये की नहीं, धन की रौशनी का त्यौहार है. हमें यहीं आकर पता चला कि दीपावली में अपनी हैसियत दिखाने की कैसी होड़ लगती है. घर की सजावट से लेकर प्रसाद तक में अपनी सम्पन्नता दिखाने की निर्मम कोशिश के बीच, शुरुआती वर्षों में हम सब हक्के-बक्के रह जाते थे. इस शहरी शैली से सामंजस्य बैठाने में समय लगा. यद्यपि अभी भी हम पीछे ही रह जाते हैं.




हालाँकि धीरे-धीरे शहर में सारे पर्व औपचारिक होते गये. हमारा पिछड़ापन और छोटी हैसियत, इस औपचारिकता में ढँक गये. जिस उत्साह और परंपरा को लेकर हम कस्बे से शहर आये, उसको भूलते जाने में ही स्वाभिमान की सुरक्षा दिखाई पड़ी. बाज़ार वहाँ भी था और यहाँ भी. फर्क बस इतना था कि वहाँ के बाज़ार वाले हमारे काका, ताऊ, बुआ, और भैय्या थे. उनसे डर नहीं लगता था. यहाँ के बाज़ार वाले अजनबी और डरावने थे. वहाँ दीपावली आती नहीं थी, बुलाई जाती थी. यहाँ दीपावली आ जाती है, और हमें मनाना पड़ता है.

Wednesday, 5 September 2012

आचार्य मृत्यु है !


आचार्य मृत्यु है ।                                        
आचार्य वरुण है ।
आचार्य सोम अथवा चन्द्रमा है ।
आचार्य औषधि है ।
आचार्य पय है ।........( अथर्ववेद )



हमारे मिथक साहित्य और प्राचीन-मध्यकालीन साहित्य में गुरु की महिमा का निर्द्वन्द्व बखान है.
जब भी गुरु की बात होती है, तो मुझे गुप्ता जी का ध्यान होता है........मेरे प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक. उन्होने कभी मुझे पढ़ाया नहीं....बस अपने पास बैठा लेते थे. एक कस्बे के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे. तब एक कक्षा का एक ही शिक्षक होता था. गुप्ता जी कक्षा 5 के शिक्षक थे. मुझ पर उनका कुछ ऐसा स्नेह था कि मैं किसी भी कक्षा में रहा हूँ, बैठता कक्षा 5 में गुप्ता जी के पास था.

गुप्ता जी ने जो पहली चीज़ मुझे दी, वह थी---पान की तलब ! वो पान के बड़े शौकीन. हर आधे घंटे में पान का एक बीड़ा मुँह में दबा लेते. फिर ऐसी खुशबू फैलती कि मेरे मुँह में गुदगुदी होने लगती. शायद इसी गुदगुदी के चलते मेरी दोस्ती एक पान वाले से बड़ी गहरी हो गई थी. लेकिन गुप्ता जी ने सिर्फ पान की ही तलब नहीं दी.....उनका दिया हुआ सब कुछ आज भी मेरे भीतर विकसित होता है. उन्होने मुझे गाने की तलब दी, कविता की तलब दी. रामचरित मानस को मेरे भीतर रोपा. उन्होने ही बताया कि स्लेट पर सुन्दर चित्र भी बनाए जा सकते हैं.

विद्यालय में शनिवार को होने वाली बाल-सभा के कर्ता-धर्ता गुप्ता जी ही होते थे. उनका गायन, कविता-कहानी पाठ, अंत्याक्षरी प्रतियोगिता---बाल-सभा के स्थायी आकर्षण होते थे. उस सभा में गुप्ता जी मेरे द्रोण होते थे और मैं उनका अर्जुन ! उसी समय मैने पहला गीत लिखा था. यह उस समय के लोकप्रिय गीत---“ झुलनी का रंग साँचा, हमार पिया”---की पैरोडी थी. मानस की चौपाइयों पर आधारित अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का, उन्होने मुझे अजेय योद्धा बना दिया था. दुर्भाग्य से मेरा उनका साथ कक्षा पाँच तक ही रहा. मैं आज भी जब अपने भीतर कुछ चीज़ों को पाता हूँ, जिनके सहारे राग-विराग, सुख-दुख से भरा यह जीवन गतिमान है, ---तो इन सबकी जड़ें उन्हीं वर्षों में मिलती हैं, जब मैं गुप्ता जी के पास बैठता था.....उनकी पोटली से रोटी निकाल कर खा लेता था.......और जब कभी गुरुदेव अत्यधिक प्रसन्न हों तो एक पान का बीड़ा भी दे देते थे.

हमारी भारतीय मनीषा में 18 उपनिषद हैं. उपनिषद का अर्थ ही होता है—गुरु के समीप बैठना. साफ है कि हमारे उपनिषदों में जो ज्ञान का भंडार है, वह प्राचीन आचार्यों से उनके शिष्यों में स्थानांतरित हुआ था. शिष्यों को आचार्य अपने साथ रखते थे. और जीवन की नानाविधि परिस्थितियों का सामना करते हुए सीखने-सिखाने की प्रक्रिया पूरी होती रहती थी. इस प्रसंग में पंचतंत्र का ध्यान सहज ही हो आता है. एक राजा के बिगड़ैल पुत्रों को शिक्षित करने के लिए राजा को मुनादी करवानी पड़ी थी. अंत में आचार्य विष्णु शर्मा ने उन्हें पढ़ाने जिम्मा लिया. वे राजपुत्रों को अपने साथ रखते और कहानियाँ सुनाते. शिष्यों को कभी लगने ही न पाया कि उन्हें पढ़ाया जा रहा है. राजपुत्रों ने न पढ़ने की जिद कर रखी थी. लेकिन कहानी सुनने में मज़ा आता था. बड़े चुपचाप तरीके से आचार्य उन्हें जीवन के शऊर सिखाते थे.

किस्से-कहानियों और गीतों के माध्यम से शिक्षित करने की हमारे यहाँ पुरानी परंपरा रही है. यह उन समाजों में भी शिक्षण की कारगर विधि थी जो अशिक्षित थे. ज्ञान के हस्तान्तरण की यह वाचिक परंपरा थी. यह ज़्यादातर क्रियात्मक होती थी. कथा-गीतों के द्वारा श्रम की साधना की जाती थी. लौकिक जीवन के विभिन्न अनुभवों से गुजरना होता था. अनुभवजन्य ज्ञान ज़्यादा स्थायी होता था. यह कहा जा सकता है कि शिक्षण की यह विधि अभाव से उपजी हुई विधि थी. तब संगठित रूप से शिक्षण की व्यवस्था समाज में नहीं थी. औपचारिक शिक्षा केवल राजपरिवारों तक ही सीमित थी. ऐसी परिस्थिति में सामान्य जनता ने शिक्षण की यह अपनी वाचिक परंपरा विकसित की.

गुरुओं की परंपरा को याद करते हुए, द्रोणाचार्य और कौटिल्य (चाणक्य) की विशेष याद आती है. आचार्य द्रोण का चरित्र हमारे समकालीन आचार्यों के अधिक निकट दिखता है. अपनी सारी योग्यताओं के बावजूद द्रोण को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला था. राजकीय सुविधाएँ कृपाचार्य को मिली हुई थीं. कृपाचार्य राजकीय विवि के कुलपति रहे होंगे. द्रोणाचार्य धनुर्विद्या विभाग के विभागाध्यक्ष रहे होंगे. महाभारत में उल्लेख है कि द्रोण अपने पुत्र अस्वत्थामा को पीने के लिए दूध की व्यवस्था नहीं कर पाते थे तो आटा घोल कर पिला देते थे. बालक उसे दूध समझ कर बहल जाता था. अब आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि धृतराष्ट्र के राज में द्रोण की स्थिति कैसी रही होगी. और जब द्रोण की यह हालत थी तो बाकी आचार्यों की कैसी रही होगी ! यह अस्वाभाविक नहीं था कि आचार्य द्रोण को राजपुत्रों की खुशामद करनी पड़ती थी. राजपुत्रों से योग्य कोई और निकल जाता तो शायद राज्य शासन उन्हें नौकरी से निकाल देता. इसीलिए द्रोण को एकलव्य के साथ अँगूठा मागने की कूटनीति करनी पड़ी थी. कौटिल्य ने अपनी महत्वाकांक्षाओं और अपने अपमान का बदला लेने के लिए चन्द्रगुप्त को साधन बनाया. मगध के राजा घननंद को अपदस्थ करना उनका प्रधान लक्ष्य था. चन्द्रगुप्त में उन्हें वह क्षमता दिखी, जिसका उपयोग करके वो अपना लक्ष्य प्राप्त कर सकते थे. यद्यपि कालांतर में कौटिल्य-चन्द्रगुप्त की युति के कारण ही राजनीतिक अर्थों में एक सशक्त भारत राष्ट्र का उदय संभव हुआ.

ये दोनो उदाहरण शिक्षकों की अलग-अलग मनोवृत्तियों को उजागर करते हैं. साफ ज़ाहिर है कि समय और ज़माना चाहे जो भी रहा हो, आचार्यों के पास भी एक पेट होता था. उसका भरा होना भी उतना ही ज़रूरी था, जितना किसी और का. मान-अपमान का बोध तब के आचार्यों को भी था और अब भी है. अच्छे शिक्षक आसमान से न तब उतरते थे न अब टपकते हैं. अच्छे शिक्षकों को तैयार करना राज्य का धर्म है. उन्हें सम्मान देना और उनके उदर-पोषण की व्यवस्था करना राज्य का कर्तव्य है. जब राज्य ही शिक्षकों के महत्व को गंभीरता से नहीं समझेगा तो कैसे नागरिक मिलेंगे देश को—इसका अंदाज़ा लगाना कठिन नहीं है. भारत देश के नवनिर्माण की पटकथा लिखते समय शिक्षा और शिक्षकों के महत्व को लापरवाही से रेखांकित किया गया. गाँधी के अवसान के बाद से ही शिक्षा हमारी प्राथमिक चिन्ता नहीं रह गई थी. लेकिन इधर बीस वर्षों में शिक्षकों की स्थिति जितनी दयनीय हुई है, वह चिन्ता का विषय है. इधर शिक्षा-व्यवस्था में जो तदर्थवाद शुरू हुआ है, उससे देश में भविष्य की मेधा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग गये हैं.

लगभग बीस साल पहले म.प्र. में शुरू हुए एक प्रयोग ने पूरे देश के शिक्षकों की नियति को घनघोर अंधकार में डाल दिया. बीस साल पहले म.प्र. सरकार ने ढाई सौ रुपये तनखाह पर शिक्षकों की भर्ती शुरू की. इन्हें नाम दिया गया—शिक्षाकर्मी. इन्हें शिक्षा विभाग की जगह पंचायत विभाग का अस्थायी कर्मचारी बनाया गया. इन्हें नियमित कर्मचारियों की तरह कोई सुविधा और भत्ते नहीं दिए गये. इनके लिए न तो कोई भविष्यनिधि थी न पेन्शन-प्लान. बीस साल बाद आज भी इनकी तनखाह महज़ 3500 रुपये है. इसी तनखाह पर काम करने के लिए इसी वर्ष केवल म.प्र. में 18 लाख युवक-यवतियों ने पात्रता परीक्षा दी. एक दिन में इतनी बड़ी परीक्षा आयोजित करने का यह गिनीज बुक रिकॉर्ड बन गया. यहाँ रिकॉर्ड उपलब्धि नहीं है. आप सब समझ रहे होंगे कि इतनी कम तनखाह पर भी अगर इतने लोग काम करने को तैयार हैं तो देश में बेरोजगारी की स्थिति क्या होगी. ये शिक्षक जिन स्कूलों में पदस्थ होते हैं, वहाँ के चपरासी की तनखाह इनसे पाँच गुना ज्यादा होती है. इन शिक्षकों को अपना और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाकी समय में कोई और काम करना पड़ता है. यह केवल म.प्र. की स्थिति नहीं है. बाद में दूसरे प्रदेशों ने भी इसी नीति का अनुसरण किया. सरकारी स्कूलों में भवन और दूसरी आधारभूत सुविधाओं की इतनी खराब हालत है कि वहाँ सिर्फ गरीब और आरक्षित समुदाय के बच्चे ही पढ़ने आते हैं, वो भी सरकार द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्तियों, मध्यान्ह भोजन और दूसरी सुविधाओं के लोभ में. ज़ाहिर है कि ऐसे में शासकीय विद्यालयों की पढ़ाई का स्तर खराब ही होगा. सरकार इसका जिम्मेदार शिक्षकों को मानती है, और अनेक गैर-शिक्षकीय कार्यों में उन्हें लगाकर अपना पैसा वसूल करती है. यह शिक्षकों पर दोहरी मार है. इन अल्पआय वाले शिक्षकों से हमें किस गुरु-भाव की उम्मीद करनी चाहिए, ज़रा सोच कर देखिए.

आइये अब शिक्षको की मौजूदा हालत के बरक्स हम उस गुरु की महिमा को रखकर देखते हैं, जिसका ज़िक्र अथर्ववेद में बड़ी खूबसूरती से किया गया है...........ऋषि ने कहा---आचार्य मृत्यु है ! शिष्य को अगर एक योग्य गुरु मिल गया तो उसके अहंकार, अज्ञान, तामसिक वृत्तियों की उसी क्षण मृत्यु हो गई.....आचार्य वरुण है ! वरुण जल का देवता है. जल से प्यास बुझती है. गुरु, शिष्य की ज्ञान-पिपासा को तृप्त करता है. प्यास चाहे कितनी ही बड़ी हो, गुरु के पास अथाह जल है.........आचार्य सोम अथवा चन्द्रमा है ! शिष्य के समस्त दैहिक-दैविक-भौतिक तापों का शमन गुरु का वत्सल भाव कर देता है.........आचार्य औषधि है ! शिष्य को देशकाल से मिलने वाली सभी दैहिक और मानसिक बीमारियों को आचार्य का स्पर्शमात्र दूर कर देता है..........और आचार्य पय भी है !  दूध, बल-बुद्धि-वर्धक माना जाता है. एक शिष्य जब सच्चे गुरु को प्राप्त कर लेता है, तो उसके बल-बुद्धि निरंतर बढ़ते रहते हैं.

इसी सच्चे गुरु को कबीर सतगुरु कहते हैं. कबीर को सतगुरु मिला काशी में रामानन्द के रूप में. कैसा था कबीर का सतगुरु
?------

                                 सतगुरु की महिमा अनँत, अनँत किया उपगार ।
                   लोचन अनँत उघाड़िया,   अनँत दिखावणहार ।।

ऐसा गुरु मिल गया था कबीर को. जिसने उन्हें असंख्य आँखें दे दीं. सारी दुविधा, भेद-अभेद खत्म हो गये. और अब वो उसे भी देखने के काबिल हो गये, जो अनन्त था, अनिर्वचनीय था, अदृश्य था, जो सत्य था. जिसे देखना सबके वश की बात नहीं थी. कबीर अब इन आँखों से जीवन-सत्य भी देख रहे थे, और जीवन-पार के सत्य को भी देख पा रहे थे. उन्हें अब वह सब आडम्बर भी दिख रहा था, जिसमें वो खुद अब तक लिप्त थे.

लेकिन गुरु कितना भी योग्य क्यों न हो, हर शिष्य को यह दिव्य ज्ञान नहीं मिल पाता. बड़े भाग वाले होते हैं वो लोग जो गुरु का सम्पूर्ण गुरुत्व ले पाने की पात्रता हासिल कर पाते हैं. इसके लिए कृती भाव होना चाहिए कबीर की तरह. अहंकार-शून्य होना चाहिए, जैसे कृष्ण के सामने अर्जुन हो गये थे. सेवक भाव होना चाहिए, जैसे राम में था विश्वामित्र के लिए. समर्पण चाहिए, जैसे चन्द्रगुप्त में था कौटिल्य के लिए. आस्था चाहिए, जैसी एकलव्य में थी आचार्य द्रोण के लिए.

और तब देखिए, यह भी घटित होगा.
जैसे कुमुदिनी पानी में रहती है, और चन्द्रमा आकाश में. लेकिन प्रेम दूरी नहीं जानता. भेद नहीं मानता, जाति नहीं मानता, कुछ नहीं देखता. जो जिसका मनभावन है, वह सदा पास में ही रहता है. अगर गुरु वाराणसी में होते और कबीरदास समुद्रपार, तो भी उनका वत्सल स्नेह शिष्य के पास पहुँचकर ही रहता-------

                       कमोदनी जल हरि बसै, चन्दा बसै अकास ।
                       जो जाही का भावता,  सो ताही  कै  पास ।।
                       कबीर गुरु बसै बनारसी, सिक्ख समंदर पार ।
                       बिसास्या नहि बीसरै , जे गुण  होइ सरीर ।।
                                                   (कबीर)

Friday, 15 June 2012

भाग न बाँचे कोय !


 कई बरस पहले शहर में एक बड़े नामी बाबा पधारे. बिहार के रहने वाले थे. भाग्य बाँचने और भविष्य सुधारने में महारथी माने जाते थे. कुंडली देखना, बनाना, और तदनुसार यज्ञ-हवन-जाप-रत्नादि का विधान करवाते थे. लोगों की शक्ल देख कर मुस्कुराते हुए झट से भाई-बहनों की संख्या, पेशा, माता-पिता से संबन्धित जानकारी बता देते थे. इस कौतुक के लिए न तो उन्हें कुंडली देखनी पड़ती थी न हाथ.

बाबा आये तो रेडियो कॉलोनी मे अपने एक चेले के यहाँ डेरा जमाया. जैसे-जैसे लोगों को खबर होती गई, तो भूत-भविष्य को लेकर परेशान रहने वाले लोगों का तांता लगने लगा. किसी का गुरु वक्री था, किसी को राहु की महादशा चल निकली. किसी को शनि की साढ़े साती चल रही थी तो किसी का मंगल नीच का था. कोई ऐसा नहीं जिसको कोई न कोई बाधा न हो, और ऐसी कोई बाधा नहीं थी जिसका उपाय बाबा के पास न हो. बाबा तरह-तरह के यज्ञ-जाप-हवन आदि के उपाय बताते. अब साधारण नौकरीपेशा, दुकान-धंधा करने वाले संसारी मनुष्य से यज्ञ-जाप-हवन कहाँसधता है ! ज़रा सी भी चूक हो गई तो लेने के देने पड़ जायें......तो बाबा ही ठेका ले लेते थे यथाविधि यज्ञादि करने का. इसका सबसे बड़ा लाभ यह था कि पीड़ित का काम-धंधा भी प्रभावित नहीं होता था. बाबा उसके नाम से सारे कृत्य सम्पन्न करा देंगे. बस उसे सारे बिधान का एक मुश्त खर्च बाबा के पास जमा करा के निश्चिन्त होना होता था. लोगों के लिए बड़ा सुविधाजनक रास्ता खोल दिया था बाबा ने.

मेरा एक मित्र था.  उसके पिता PWD में इंजीनियर थे. बेहिसाब रुपया घर में आ रहा था. फिर भी न जाने कौन सी बाधाएँ थीं घर में कि अक्सर कोई न कोई पूजा-पाठ, महाम़त्युंजय जाप आदि घर में चलता ही रहता. मेरा मित्र खुद जिस कक्षा में था उसमें दो बार फेल हो चुका था. जबकि इसके पहले वाली कक्षा भी तीसरे प्रयास में उत्तीर्ण करने के बाद मेरा क्लासफेलो बना था. इस लिहाज से उम्र और अनुभव में वो मुझसे बड़ा था. बड़ा नेकदिल था. आधी रात को भी किसी की मदद करने को हाजिर रहता. मेरे लिए उसका स्कूटर सबसे बड़ा आकर्षण था, जिसमें मैं दिन भर घूमा करता. हमारी मित्र मंडली में अक्सर लोगों को उसी के मार्गदर्शन में चलना पड़ता था.

बाबा आये तो मेरा मित्र भी उनके पास गया. और बाबा ने उसकी बाधा के मुताबिक कोई जाप भी शुरू कर दिया था. वह लगभग दिन भर बाबा के ही पास  रहता और शहर भर से अपने परिचितों को भी उनके पास ले जाता. हालाँकि मेरा इन सब बातों पर विश्वास नहीं था, पर एक दिन वह मुझे भी पकड़ ले गया....यूँ ही घुमाने के बहाने.

बाबा अन्दर के कमरे में विराजते थे. दरवाज़ा बंद रहता था. धूप और अगरबत्ती की खुशबू बाहर के कमरे और उसके बाहर बरामदे, और उसके बाहर लॉन और पेड़ों तक बिखरती रहती थी. जिनका नम्बर कुछ ही देर बाद लगना होता वो दूसरे नम्बर के कमरे में बुला लिए जाते थे. जिन्हें नम्बर लगाना होता था वो बरामदे में होते. और  जो कौतूहलवश पहुँचते वे पेड़ों के इर्द-गिर्द बैठे या खड़े होते. मुझे अंदाज़ा नहीं था कि मेरे मित्र की धाक इतनी जमी हुई है कि मुझे सीधे दूसरे नम्बर के कमरे में पहुँचा देगा. मैं बैठ गया. कुछ और लोग भी बैठे थे. बाबा के दो-तीन चेले भी साधुवेश में वहीं बैठे लोगों से हँसी ठिठोली करते. किसी का हाथ देखते, किसी की पेशानी....या किसी की गुप्त परेशानी पूछकर मुस्काते.....कुछ देर में एक चेले ने मेरे दाहिने हाथ को नरमी से पकड़ा और हथेली की रेखाएँ देखने लगा..... 
कुछ देख कर बोला—“ क्यों महराज, दो-भाई, एक-बहन है तुम्हारे ?”
मैने कहा—नहीं तीन-भाई, एक-बहन.....वो मुस्कुराया.
“ पापा बैंक में हैं ?” उसने फिर कहा.
“ नहीं टीचर हैं.”…मैने कहा......वो फिर मुस्कुराया.
“ और माता ?”_____
वो भी टीचर है-----मैने कहा....वो मुस्कुराता रहा.
“ प्यार करते हो किसी को ?”------ मैने कहा—हाँ...
“ दूसरी जाति की होगी ?”
“ मेरी ही जाति की है “---मैने बताया.
इस बार वो हँसा---“ चिन्ता न करो, बाबा सब ठीक कर देंगे..”----कहता हुआ वो वहाँ से उठ गया.
मैं सोचने लगा कि मेरा तो कुछ गड़बड़ ही नहीं है, बाबा क्या ठीक कर देंगें !!

इतने में एक दूसरा चेला एक कागज और पेन लेकर आया और उसमें मेरा नाम, जन्मतिथि, जन्म का स्थान और समय लिख कर ले गया.

लगभग दो घंटे बाद बाबा ने मुझे भीतर बुलवाया, तो मुझे डर लगा. मैने अपने मित्र की तरफ देखा तो उसने पीठ पर धौल जमाते हुए कहा कि चल,मैं भी चलता हूँ. मैं अन्दर चला गया. बाबा ज़मीन पर ही आसन जमाये बैठे थे. बगल में एक चौकी पर तरह-तरह के देवता विराजे थे. बाबा के पास कुछ पोथियाँ और पत्रे पड़े हुए थे. मुझे सामने बैठने का इशारा किया. मेरे बैठते ही सीधे मेरी आँखों में अपनी नज़रें उतार दीं......मुस्कुराते हुए कहने लगे-----“ ब्राह्मन हो...बहुत बर्हिया.....माँ-बाप मास्टर हैं ?.....पर तुम बड़े भाग्यशाली हो.....कितने, तीन-भाई, एक-बहन हैं ?..... ‘ हाँ.’…..एक भाई से बड़ा सुख मिलेगा......और परेम भी करते हो..?..... ‘ हाँ.’……लड़की ब्राह्मन ही है, पर तब भी कुछ बाधा है.......”--------------  
मैं भौंचक ! इन्हें सब कैसे पता !?-------लोग ठीक ही कहते थे.
बाबा आगे बोले---“ ये तुम्हारा कुंडली बना दिया है. बाकी सब ठीक है पर कुछ बाधाएँ हैं. ठीक हो जायेंगी, एक जाप करा लो. कोई पंडित हो तो घर में करा लो. लेकिन कोई कुधरम नहीं होना चाहिए ! नहीं तो हम खुद करवा देंगे जाप तुम्हारे नाम से....51,00 रुपये का जाप है....बोलो तो शुरू करवा दें !!”-----------मेरी हलक से कुछ निकल नहीं रहा था. मैने धीरे से कहा—“ पापा से पूछ लें !”
वो कागज़ जिस पर उन्होने कुंडली बनाई थी, मुझे पकड़ाते हुए बाबा बोले—“जैसी मर्ज़ी..”
मैं बाहर निकल आया. उनके चेले मुस्कुरा रहे थे. मैं रुका नहीं, सीधे घर आ गया. पापा से भी कुछ बताया नहीं. जल्दी ही मन संयत हो गया.

एक  दिन कइयों के हवन-जाप, रुपया-पैसा, श्रद्धा-विश्वास  समेटकर बाबा अन्तर्ध्यान हो गये......चमत्कारी तो वो थे ही इस लिए लोगों को अचंभा नहीं हुआ.....लोग  निराश तो तब हुए जब पता चला कि बाबा के स्थानीय चेले भी भूमिगत हो गये हैं.


कई वर्षों बाद, कल, कुछ पुरानी फाइलें ढूढ़ते हुए मुझे वो कागज़ मिला जिस पर बाबा ने मेरी कुंडली बनाई थी और फलादेश लिखा था. मैने पढ़ा तो मज़ेदार लगा. आप भी पढ़िए इसे------------------


भइया दुबेदी की कुंडली
 ------------------------

....आप का कुंडली बृस्चीक लग्न में तैयार हुआ है....लग्नपती श्वामी मंगल है जो अष्टमघर मे (मृत) गर मे है.....जीससे आप का जो सरीर संबन्धी कमजोरी है । वह मंगल के प्रती है प्रन्तू उसका यहा तक सीमीत रहना ठीक है । कारण मंगल आप का घातक नही है, फीर भी आप मुगां धारण नहीं करना......आपका मागेंश चन्द्रमा स्वगृह है तथा अपने घर में है, इसलिए शिछा आप प्राप्त किये हैं तथा अपने से मेहन्त भी अच्छे करते हैं ।

......तथा आप अभी भी आप अपना पैरो पर खडा होने के प्रयास जारी रखे है, प्रन्तू अभी सफलता नहीं मील रहा है । आप का सरवीस अवश्य होगी तथा गौरमेन्ट सारीवस या उच्च स्थान का प्राइवेट सरवीस का भी योग्य है ।




........जो आप अपन पैर पर खडा होकर अपना नाम ऊचा करेगे प्रन्तू आपको दो तरह का कुंडली से प्रेशानी 31 वर्ष के उम्र तक आ सकता है  जो जहा भी अपना सरवीस या परिछा हेतू अभी गये होगे, कोई न कोई अड़चन अवश्य उतपन हुआ होगा ।

.......पहला ग्रह धन स्थान मे गुरु अपने घर मे बैठकर आप के जन्मकाल से बक्री है । जीसे नीर्वल कहते है तथा कुंडली में गुरु वक्र होना (रुष्ट) होना ठीक नही होता है। और धन स्थान मे गुरु है जहा से धन संग्रह कीया जाता है। तथा धन उपारजन का लक्ष्य बनाया जाता है।

......दुसरा आपके पूनवर्सू नक्षत्र मे चौथा वर्ण मे जन्म है जीससे आप गुरु के महादसा में जन्म है जीससे आप गुरु का महादसा मे जन्म लेकर आज वुद्ध के महादसा मे चल रहे है। वुद्ध आपका लामेस पती है, यह लाभ देगा प्रन्तू उसी तरह योगिनी का महादसा होता है जो अभी संकठा का महादसा चल रहा है जो 25 वर्ष के उम्र से सुरू होकर 33 वर्ष के उम्र तक चलेगा । और वुद्ध का महादसा 38 वर्ष तक चलेगा। यह दसा उतम फल देगा प्रन्तू इस वुद्ध के दसा से फल उतम उठाने के लीये आप संकठा को दमन करे तथा गुरु को बलीष्ट करे तो उतम रहेगा। पुत्रन जाप कराने मे खर्च तो पड़ेगा प्रन्तू लाभ तथा शान्ती बनेगी । आप मंगला भी है प्रन्तू हलका है।

.......फीर भी कुंडली मिलाकर सादी का योग्य बनेगा. उतम सादी 28 के उम्र से 30 के उम्र तक होगा. संतान 5 रहेगे. दोनो मीलकर पितामाता अभी जीवित होगे । पिता भी जीवन पहला सरवीस से लेकर चलेगे। भ्राता तीन रहेगे. 1 भाई से प्रबल सुख्य आनन्द रहेगा। आप दयालू है तथा उपकारी भी है ।

आगे के भभीष्य ठीक है। अगर आप अपना उथान मे प्रेशानी से बचना चाहते है। तो संकठा दसा को शान्ती तथा गुरु को प्रवल करने का उपचार करेगे, आप अपना नगर के पंडीत से भी सलाह अपना कंडली दीखाकर लेगे ।
उम्र—77 वर्ष से 82 वर्ष का है ।
                                                             ***********************


सालों बाद जब इस फलादेश को पढ़ा तो खूब हँसी आयी.
अब जबकि जीवन में अप्रत्याशित होने के लिए सिर्फ दुर्घटनाओं की ही संभावना बचती है......किसी अप्रत्याशित सुख की कल्पना करना अपना ही मज़ाक उड़ाने जैसा ही लगता है. बाबा की अधिकांश भभीष्यवाणियाँ घटित नहीं हुईं.....
जीवन में कई चीजें नहीं मिलीं तो इसलिए कि उन्हें पाना ही नहीं चाहा....कई चीज़ें इसलिए नहीं मिली कि मैं उनके योग्य नहीं था.....कई चीज़ें ऐसी मिल गईं जो किसी काम की नहीं हैं..... लेकिन कुछ छोटी-छोटी ऐसी चीज़ें नहीं मिलीं जिन्हें पाना चाहा और जिनके योग्य भी था......
फिलहाल इन्हीं का दुख भी होता है कभी-कभी.....अहोभाग्यम्.......।

हाँ.....मेरा वो मित्र उस कक्षा में तीसरी बार फेल हो गया था....और फिर आगे पढना ही छोड़ दिया. इस समय एक आयल एजेन्सी का मालिक  है.