Pages

Saturday, 3 August 2013

रफी की याद में

कौन भूल सकता है मो. रफी को ! भले ही उनको हमसे जुदा हुए तैंतीस साल हो गए हों, पर एक लम्हे को भी कभी महसूस हुआ क्या कि वो अब हमारे बीच नहीं हैं !! ताज़ा और महकते फूलों की तरह रफी की आवाज़ आज भी वैसी ही है, जैसे कभी रफी के होने पर थी.

24 सितंबर 1924 को कोटला सुल्तानपुर में जन्मा था संगीत का यह कोहिनूर. पंजाब की माटी का कुछ असर रहा होगा कि बचपन से ही गाने की लत लग गई. ये लत लगाई थी एक भिखारी ने. भिखारी जब भी रफी के घर के पास से गाते हुए गुजरता, वे उसका गाना सुनते हुए उसके पीछे पीछे दूर तक निकल जाते. और खुद भी उसके गानों को गाते. पिता हाज़ी अली मोहम्मद को गाना-बजाना पसन्द नहीं था इसलिए वो रफी को इस दिशा में नहीं जाने देना चाहते थे. ऐसे में बड़े भाई मोहम्मद शफी फरिश्ता बनकर आए. रफी की काबिलियत को उन्होने समझा. पिता जी को मनाया और रफी को बड़े गुलाम अली खां के भाई बरकत अली खां साहब के पास ले गए. यहीं उनकी संगीत की तालीम शुरू हुई. बाद में वाहिद खां साहब की शागिर्दी में रफी ने अपने हुनर को और धार दी. इस बीच 13 साल की उमर में ही रफी ने लाहौर रेडियो पर गाना शुरू कर दिया था.

रफी की गायकी को उफान मिला एक खूबसूरत संयोग से. ये 1938 की बात है. प्यारेलाल सूद की देखरेख में एक गायन समारोह हुआ. इस समारोह में उस ज़माने के स्वर-सम्राट माने जाने वाले कुंदनलाल सहगल गाने वाले थे. उन्हें आने में देर हो गई तो श्रोता बेसब्र होने लगे. भगदड़ मचने लगी. आयोजक परेशान हो गये. तब रफी के चाचा ने रफी को स्टेज पर खड़ा कर दिया कि कुछ मन बहलाने के लिए गा दो. बिना माइक के ही रफी ने गाना शुरू किया. पंजाबी गीत था. गाना खतम होते-होते सहगल साहब भी आ गए. उन्होने देखा कि हाल में रफी के लिए तालियां गूँज रही है. सहगल ने रफी को आशीर्वाद दिया कि एक दिन तुम बहुत बड़े गायक बनोगे, खूब नाम कमाओगे. सहगल का आशीष फलित हुआ और भारतीय संगीत को मो. रफी मिले.

तो, 1944 में रफी का हिन्दी फिल्मी गीतों का सफर शुरू ही हो गया. इसी साल “गाँव की गोरी”  के लिए उन्होंने पहला हिन्दी गीत गाया. बाद में उन्होने ‘पहले आप’ फिल्म में भी गाया. लेकिन यह फिल्म ठीक ठंग से न चल सकी और न संगीत चला. एक वजह यह भी थी कि इसी फिल्म के साथ ‘रतन’ भी प्रदर्शित हुई, जिसमें नौशाद ने उ.प्र. की लोक-धुनों के सहारे धूम मचा दी थी. इस दरम्यान रफी कव्वालियों और कोरस में गुम रहे. तब रफी को सहारा मिला 1946 में बनी फिल्मिस्तान की ‘सफर’ से. संगीतकार सी.रामचन्द्र ने रफी की आवाज़ नायक कानू राय के लिए इस्तेमाल की. “कह के भी न आए तुम, अब छुपने लगे तारे”….बेहद सीधे लहजे में गाये गए इस गीत ने रफी को पहली कामयाबी दिलाई. इसी फिल्म का एक दोगाना भी खूब मशहूर हुआ.

‘साजन’ में सी.रामचन्द्र ने फिर रफी को याद किया. हालांकि तब नायक अशोक कुमार अपने गाने खुद गाते थे लेकिन एक गाना था.... “तुम हमारे हो न हो, हमको तुम्हारा ही आसरा”……इसमें ललिता देउलकर की आवाज़ के सामने अशोक कुमार की आवाज़ ठहर नहीं पा रही थी. तब ललिता के साथ रफी ने यह गाना गाया. यह गीत इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग रफी के बारे में जानने को उत्सुक हो उठे.

लगभग चालीस  साल के सफर में एक सदाबहार नाम है ‘जुगनू’. यह फिल्म 1947 की शुरुआत में आई थी. इस फिल्म से इतिहास की कई बातें जुड़ी हैं. इसी फिल्म से दिलीप कुमार की पहचान बनी, और इसी फिल्म से गायक मो.रफी भी पहचाने गये. रफी ने अपने लिए भी गाया और दिलीप कुमार के लिए भी. वे गाने के साथ-साथ परदे पर भी थे. “यहाँ बदला वफा का बेवफाई के सिवा क्या है....”....इस गीत में रफी, नूरजहाँ से बीस साबित हुए और उनका सिक्का जम गया.
नौशाद के साथ रफी की जोड़ी खूब जमी. नौशाद शास्त्रीय और लोकधुनों को मिलाकर फिल्म संगीत में मधुर प्रयोग कर रहे थे. लोक धुनों के अनुकूल उन्होने रफी की रेन्ज का बहुत खूबसूरत इस्तेमाल किया. ‘मेला’, ‘दिल्लगी’, ‘दुलारी’ आदि फिल्मों से रफी बुलंदी पर पहुँच गये. नौशाद के संगीत में आई फिल्म ‘दीदार’(1951), रफी के लिए एक नया युग लेकर आई. “हुए हम जिनके लिए बर्बाद...”, “मेरी कहानी भूलने वाले...”, “देख लिया मैने, किस्मत का तमाशा देख लिया...”…….इन गानों से रफी के सुरों का जादू सर चढ़ के बोलने लगा. इसके बाद अगले कई दशकों तक नौशाद की धुनें, शकील बदायूँनी के बोल और रफी के सुर, फिल्म संगीत के खजाने को अनमोल नगमों से भरते रहे. ‘अमर’, ‘आन’ और ‘बैजू बावरा’ अमर कृतियां मानी जाती हैं. राग मालकौंस में निबद्ध “मन तरसत हरि दर्शन को आज...”,  “तू गंगा की मौज मैं जमुना का धारा....”  जैसे गीतों नें रफी को सबकी जुबान पर पहुँचा दिया. हर संगीतकार उनकी तरफ भाग रहा था. और पूरे आठ साल बाद रफी एक पूर्ण सितारे के रूप में उदित हो चुके थे.

वो क्या बात थी जो रफी को कमाल का गायक बनाती थी ?  सबसे पहले तो उनकी सौम्यता...जो अहंकार-शून्यता से निकल कर आती थी. फिर संघर्ष करने का हौसला...और उसके बाद वो कंठ जो सिर्फ उन्हीं के पास था.....यह गला कुछ रियाज़ से मिला था, और कुछ प्रकृति से. उस ज़माने में एक भी ऐसा गायक नहीं था जो इतने ऊपर के स्वरों में जाने का हौसला करता. इसीलिए लोक की धुनें उपेक्षित थीं. रफी जब आये तो पंजाब का श्रम और दर्द लेकर आये. पंच-नदियों की रवानी लेकर आये. हीर की पीर लेकर आये. उनके आने से कुछ हथौड़ेबाज़ जौहरी बन गये...कुछ पत्थर हीरे जैसे चमकने लगे...रफी के होने के बाद ही मिठास को उसका शिखर मिला....रफी के होने से ही दर्द भी पिघलने वाली चीज़ हुआ.....और रफी के जाने के बाद से ही दर्द हमारा साथी हुआ.


Sunday, 14 July 2013

ये क्या ज़गह है

जहाँ 
एक अप्रत्याशित
तरल शान्ति होती है !

यहाँ इतना तापमान होता है
कि जो जमता है
वही पिघलता हुआ दिखता है !!

इसी जगह पर
कुछ कविताओं का होता है
अनिवार्य प्रसव
तो यहीं पर
कुछ कथाएं
जनमती हैं समय पूर्व !!

यहीं पर आते हैं
दुनिया के
सारे गुमनाम भूकम्प
और यहीं से
साध लिया जाता है
पृथ्वी को उसकी धुरी पर !!!

इसी भूमध्य रेखा पर
दोनों गोलार्धों का दबाव
सबसे अधिक होता है ।

Thursday, 13 June 2013

मेहदी हसन को याद करते हुए

अन्तरनाद
========

कोमल गांधार से
शुरू होता था उनका अन्तरनाद
जो धैवत् और निषाद के दरम्यान कहीं
एकाकार हो जाता था
हमारी आत्मा के सबसे उत्तप्त राग से.

बड़े संकोच के साथ
मेहदी हसन उतरते थे
अपनी ही आवाज़ के अंतरंग में
कि जैसे पहली बार छू रहे हों
प्रेमिका की मखमली हथेलियाँ.
झुकी हुई पलकें
मानो अदृश्य कर देना चाहती हों
उस सृष्टि को
जो रची जानी है अभी अभी.

स्वर पेटी से निकलते सुरों से विषम
कुछ थरथराहट होती
तिर्यक होते होंठों की दाहिनी कोर में
संभवतः
ये उनके वो स्वर होते होंगे
जिन्हें वो हरगिज नहीं सुनाना चाहते दुनिया को.

झुकी पलकों और थरथराते होठों के
इसी अदृश्य में
मेहदी हसन बुनते हैं
ऐसी आवाज़ का दृश्य
जो हमारे दृश्यों की आवाज़ बन जाती है.

कितने लोगों के खा़मोश दुखों
बेक़रार प्यार में बोलते थे मेहदी हसन
कैसी दिलशिकन रातें
हम काट लेते थे
इस आवाज़ के पहलू में मुह छुपाये हुए.

रेगिस्तान पार करते हुए
जब पानी खत्म हो जाता
तो इस आवाज़ का दरिया दिख जाता
जंगल में भटक जायें रास्ता
तो किसी झुरमुट से
रौशन हो उठती यह आवाज़़
कि ठीक उसी वक्त
हाथ को मिल जाता था कोई हाथ
जब आखिरी डुबकी होने लगती.

दुख भी बोलते हैं
दुख हमेशा
बुलंद आवाज़ में बोलना चाहते हैं
बेबसी चीखना चाहती है पंचम में
जैसे विरही की हूक !

जो लोग निर्वासित हैं
जीवन की लय से
जिनका कोई घर नहीं दर नहीं
उनके लिए रिक्त स्थान थी
मेहदी हसन की आवाज़ ।        

Sunday, 2 June 2013

आखिर इस मर्ज़ की दवा क्या है ! : नक्सलवाद-2

( गतांक से आगे.......)

आदिवासी समाज को निकट से जानने वाले जानते हैं कि यह दुनिया का सबसे निर्दोष समाज है। ऐसे समाज की पीड़ा को देखकर भी न जाने कैसे हम चुप रह जाते हैं। पर यह तय मानिए कि इस बेहद अहिंसक, प्रकृतिपूजक समाज के खिलाफ चल रहा नक्सलवादी अभियान एक मानवताविरोधी अभियान भी है। हमें किसी भी रूप में इस सवाल पर किंतु-परंतु जैसे शब्दों के माध्यम से बाजीगरी दिखाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। भारत की भूमि के वास्तविक पुत्र आदिवासी ही हैं, कोई विदेशी विचार उन्हें मिटाने में सफल नहीं हो सकता। उनके शांत जीवन में बंदूकों का खलल, बारूदों की गंध हटाने का यही सही समय है। बस्तर से आ रहे संदेश यह कह रहे हैं कि भारतीय लोकतंत्र यहां एक कठिन लड़ाई लड़ रहा है, जहां हमारे आदिवासी बंधु उसका सबसे बड़ा शिकार हैं। उन्हें बचाना दरअसल दुनिया के सबसे खूबसूरत लोगों को बचाना है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हमारी सरकारों और राजनीति की प्राथमिकता में आदिवासी कहीं आते हैं। क्योंकि आदिवासियों की अस्मिता के इस ज्वलंत प्रश्न पर आदिवासियों को छोड़कर सब लोग बात कर रहे हैं, इस कोलाहल में आदिवासियों के मौन को पढ़ने का साहस क्या हमारे पास है ?

कुछ समय पहले, सर्वहारा की लडाई लडने का दावा करने वाले माओवादियों के संबंध में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ था। बंगलूरू पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई व नक्सलियों के बीच सांठगांठ कर देश में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वैसे तो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा नक्सलियों को सभी प्रकार की सहायता करने संबंधी आरोप पहले से लग रहे थे। लेकिन इस मामले में बंगलुरु पुलिस द्वारा दो लोगों को गिरफ्तार किये जाने के बाद यह और पुख्ता हुआ है। AK-47 और बुलेटप्रूफ गाड़ियों को उड़ा सकने वाली लैण्डमाइन्स इनके पास कहाँ से आती है, क्या यह अंदाजा लगाना कठिन है !

माओवादी दावा करते हैं कि वे एक वैचारिक लडाई लड रहे हैं। उनके प्रवक्ता जब भी मूंह पर काली पट्टी पहने बंदूक के साथ किसी जंगल में किसी टेलीविजन चैनल के सामने बयान देता हैं तो वे इसी बात को कहता हैं। लेकिन वास्तव में ऐसा है क्या य़ह विचारणीय प्रश्न है। बंगलूरू की घटना के बाद स्थिति और स्पष्ट हुई है और नक्सलियों पर जो नकाब था, वह उतर रहा है।

माओवादी इस्लामी आतंकवादियों से मिले हुए हैं। इस्लामी आतंकवादियों से वे क्यों मिले हुए हैं? क्या इसका कोई वैचारिक आधार है? क्या इस्लामी आतंकियों का और सर्वहारा की लडाई लडने वालों का कोई समान वैचारिक धरातल है जिसके आधार पर दोनों एक दूसरे के साथ दे सकते हैं?

केवल इस्लामी आतंकवाद ही क्यों चर्च प्रेरित आंतकवाद का साथ भी नक्सली दे रहे हैं। इसका खुलासा आज से लगभग तीन साल पूर्व ही हो गया था। कंधमाल के वनवासी इलाके में चार दशकों से कार्य कर रहे हैं स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जब जन्माष्टमी के दिन अत्यंत नृशंसता से हत्या कर दी गई थी। स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या केवल इस लिए की गई थी कि उन्होंने मतांतरण को इलाके में पूरी तरह रोक दिया था। उन्होंने इलाके में गौ हत्या बंद करवा दी थी। इस कारण मतांतरण के कार्य में लगे चर्च के निशाने पर वे थे। इस बात का खुलासा जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए बनी न्यायिक कमिशन के सामने भी कहा है। लेकिन हत्या की जिम्मेदारी माओवादियों ने ली है। घटना के कुछ दिनों बाद माओवादी नेता सव्यसाची पंडा ने विभिन्न समाचार पत्रों को इस संबंध में साक्षात्कार दिया था। उसमें उसने यह दावा किया कि स्वामी लक्ष्मणानंद की हत्या माओवादियों ने की है। लक्ष्मणानंद सरस्वती की माओवादियों द्वारा क्यों हत्या की गई इसके बारे में इस साक्षात्कार में उसने कुछ अजीब तर्क प्रदान किये थे, जिसका यहां उल्लेख करना आवश्यक है। इससे चित्र और स्पष्ट हो सकता है। उसने इस साक्षात्कार में बताया कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ईसाई बन चुके हिन्दुओं की घरवापसी करवा रहे थे। इसके अलावा स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती इलाके में गौ हत्या होने नहीं देते थे।

चर्च द्वारा जनजातीय लोगों के मतांतरण करवाने पर इस साक्षात्कार में सव्यसाची ने कोई टिप्पणी नहीं की और न ही किसी पत्रकार ने उससे यह प्रश्न पूछा। उसने एक बात और बतायी कि उसके कैडरों में अधिकतर ईसाई हैं। इस कारण उनका दबाव भी था। उधर इस मामले पर नजर रखने वाले कुछ लोगों का कहना है कि चर्च से भारी पैसे लेकर माओवादियों ने लक्ष्मणानंद की हत्या की है।

अब सव्यसाची के इस साक्षात्कार में कहे गये उत्तर का विश्लेषण करना होगा। सव्यसाची मूल रूप से मार्क्स के शिष्य है। मार्क्स ने कहा है कि चर्च, सर्वहारा की क्रांति में सबसे बडी बाधा है। लेकिन सव्यसाची एक ओर तो मार्क्स के अनुयायी होने तथा सर्वहारा की लडाई लडने का दावा कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर मार्क्स के द्वारा बताये गये सर्वाहारा के दुश्मन चर्च की सहायता भी कर रहे हैं। क्या यह नक्सलियों का वैचारिक अंतर्विरोध नहीं है? क्या इससे यह स्पष्ट नहीं होता कि नक्सली कोई वैचारिक लडाई नहीं लड रहे हैं बल्कि सर्वहारा की लडाई लडने का पाखंड कर रहे हैं।

नक्सली इस्लामी आतंकवादी व चर्च का साथ क्यों दे रहे हैं? यह एक मुख्य प्रश्न है। इसका उत्तर शायद नक्सलवाडी आंदोलन को प्रारंभ करने वालों में से एक कानू सान्याल ने अपने मौत से पहले एक साक्षात्कार में दिया था। उन्होंने कहा था कि वर्तमान में नक्सलवाडी आंदोलन का जो नया संस्करण माओवाद है उसे मार्कसवादी नहीं कहा जा सकता। इसे अराजकतावादी कहा जा सकता है।
कानू सान्याल ने  वर्तमान के माओवादी हिंसा के बारे में स्पष्ट किया है इस आंदोलन का मार्क्स के विचारों से कोई लेना देना नहीं है। माओवादी, अराजकतावादी हैं।

नक्सली आन्दोलन आज एक छल है । इस छल के शिकार होकर सैकड़ों हजारों असंतुष्ट युवा, बुद्धिजीवी और बेरोजगार इस आंदोलन में अपना जीवन व्यर्थ गवाँ चुके हैं । वे भारी भूल में थे जो यह समझते रहे कि वे मानवीय हित के लिए लड़ रहे हैं या वे समाज के लिए शहीद हो रहे हैं । न उनके आँगन का अंधेरा छंटा न ही गाँव-समाज-देश का । वास्तविकता तो यही है कि जाने कितने गरीब माँओं का आँचल सूना हो चुका है । सैकड़ों असमय वैधव्य झेल रही हैं। हजारों बच्चे आज सामाजिक विस्थापन झेल रहे हैं । एक ओर उन्हें हिंसावादी की संतान मान कर असामाजिक दृष्टि को झेलना पड़ रहा है दूसरी ओर वे असमय आसराविहीन हो रहे हैं । हाँ कभी-कभी उनके पिताओं के नाम पर बने किसी स्मृति पत्थर पर जरूर दो-चार जंगली फूल जरूर सजा दिये जाते हैं । वह भी इसलिए कि भावुक और आक्रोशित युवा नक्सलियों को शहीद होने का भ्रम बना रहे । यह सिर्फ ढोंग और नक्सलवाद की कुटिल चालें हैं, और कुछ नहीं । बस्तर और सरगुजा का भी युवजन नक्सलवाद के इसी ढोंग का शिकार हो चुका है ।


आजादी के साढ़े छह दशक बाद भी आदिवासियों की दशा सबसे बुरी है। विकास के नाम पर जल-जंगल-जमीन से बेदखल कर देने की पॉलिसी ने ही नक्सलवाद को मजबूत किया है। यदि आप गौर करेगें तो देखेंगे कि नक्सलवाद उन्हीं जगहों पर सबसे ज्यादा मजबूत है जहां विकास के नाम पर सरकार ने इन क्षेत्रों को कॉरपोरेट के हाथों में सौंप दिया है। जिन आदिवासियों ने जमीन के बदले मिलने वाले मामूली मुआवजे को लेने से इंकार किया उन्हें नक्सली समर्थक बताकर न सिर्फ जेलों में बंद कर दिया गया बल्कि उनके घर की इज्जत को भी तार-तार किया गया। इस पूरे परिदृष्य पर गौर किया जाए तो साफ है कि आदिवासी दो बंदूक के बीच फंसकर रह गए हैं। माओवादी उन्हें पुलिस का मुखबिर होने का शक करते हैं तो पुलिस उन्हें माओवादियों का समर्थक मानती है । माओवादियों का साथ देने के आरोपों का सामना कर रहे स्थानीय नौजवानों के सामने दो ही विकल्प रह जाते हैं, या तो वह वास्तव में बंदूक उठाकर उनका साथ दें अथवा गांव छोड़कर चले जाएं। जो इस बात की ओर इशारा है कि शासन धीरे-धीरे स्थानीय जन समर्थन खो सकता है।

पहले से ही उपेक्षा का शिकार आदिवासियों ने अपनी जमीन छिनते देख हथियार उठा लिया और नक्सल बनते चले गए। यहां उन्हें जन अदालत में भले ही जमीन वापस न मिली हो लेकिन इंसाफ जरूर मिला जो शायद भारतीय अदालत में मिलना मुश्किल था क्योंकि इसके लिए पहले पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करानी होती है जो पहले से ही उनपर सरकारी भाषा और लाठी का प्रयोग करती रही है। आदिवासी समाज उन सुविधाओं से भी वंचित है जो एक अति पिछड़े गांव में भी होती है। जल, जंगल और जमीन ही इनकी जीविका का मुख्य स्त्रोत है। जिसका उचित मुआवजा दिए छिनने का विरोध करने पर इनपर ज्यादतियां की जाती हैं। यदि आजादी के बाद केवल एक प्रतिशत ही इन क्षेत्रों पर ईमानदारी से खर्च किया जाता तो 65 सालों में इन क्षेत्रों में 65 प्रतिशत विकास हो गया होता। 

ऐसी परिस्थितियों में आप कल्पना कर सकते हैं कि वहां के युवा आदिवासियों को किस प्रकार की कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। कई नौजवान बिना किसी ठोस सबूत के वर्षों से जेल की सलाखों के पीछे जिंदगी गुजार रहे हैं। अकेले कांकेर जैसी छोटी जेलों में तीन सौ आदिवासी युवा बंद हैं। राज्य के ऐसे कई जेल इसी का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार राज्य के विभिन्न जेलों में हजारों युवा आदिवासी केवल इस आरोप में ठूंस दिए गए हैं कि उन्होंने कभी हथियारबंद दस्ता के किसी सदस्य को एक वक्त का खाना खिलाया था। जबकि वास्तविकता यह है कि आज भी आदिवासी घर आए मेहमान का पांव धोकर और माथे पर तिलक लगाकर उनका स्वागत करने की अपनी  परंपरा का पालन करते हैं तथा बगैर भोजन कराए उन्हें जाने नहीं देते हैं। ऐसी परिस्थिति में जब कोई व्यक्ति उनके पास बंदूक लेकर आए तो क्या वह उन्हें किसी भी चीज के लिए मना कर सकते हैं? विशेष रूप से जबकि उन्हें इंकार करने का परिणाम मालूम है।



 केवल सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले पांच वर्षों के दौरान नक्सली हिंसा में 3,000 हजार से भी ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। जिसमें आम नागरिकों के अलावा सुरक्षा बलों की भी एक लंबी फेहरिस्त है। नक्सली हिंसा की सबसे अधिक घटनाएं इससे प्रभावित चार राज्यों छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा और बिहार में हुई है। इस दौरान माओवादियों ने छोटी बड़ी करीब 6,500 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। प्रभावित राज्यों के अतिरिक्त अन्य राज्यों में भी नक्सलियों के पांव पसारने की खुफिया रिपोर्ट के बाद सरकार को इससे निपटने के लिए नई रणनीति बनाने पर मजबूर कर दिया है।

नक्सलियों से निपटने के लिए सरकार द्वारा चलाये गये ऑपरेशन ग्रीन हंट से समस्या सुलझने की बजाए और पेचिदा ही हुई है। इस ऑपरेशन में नक्सलियों को जितना नुकसान नहीं पहुंचा उससे अधिक उनके जवाबी हमले में सरकार ने अपने सिपाही खोए हैं। आपको  याद होगी दंतेवाड़ा की वह घटना जिसमें अब तक के सबसे बड़े नक्सली हमले में 73 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे गए थे। बस्तर से लगा दंतेवाड़ा नक्सलियों के लिए सबसे अधिक सुरक्षित क्षेत्र है। जो घने जंगलों के साथ साथ पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र, उड़ीसा और आंध्रप्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। नक्सली इस जंगल के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं जबकि सरकार ने उनसे लोहा लेने वाले वैसे सुरक्षाकर्मियों को मोर्चे पर लगा रखा है जिन्हें क्षेत्र की विशेष जानकारी नहीं होती है। ऐसे में वह माओवादियों द्वारा किए गए अचानक हमलों या गुरिल्ला हमलों का जवाब देने के लिए तैयार नहीं हो पाते हैं। दूसरी ओर नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों के मांइस प्रोटेक्टिव व्हीकल (एमपीवी) पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त करने के बाद यह साफ जाहिर है कि माओवादियों को आंतकवादियों का समर्थन मिलने लगा है. क्योंकि इतने शक्तिशाली हथियार उन्हीं के पास है. 

हमें सभी नक्सल प्रभावित को समवेत कर एक समन्वित अभियान चलाना ही होगा। इस ज्वाइंट आपरेशन के माध्यम से ही इस समस्या से लड़ा जा सकता है। पुलिस और सुरक्षाबलों का मनोबल बनाए रखने के लिए आला पुलिस अफसरों को भी मैदान में उतारने की जरूरत है जो अपने वातानुकूलित कमरों में आराम फरमा रहे हैं। उन्हें पुलिस मुख्यालय से निकाल कर बस्तर को अलग-अलग जोन में बांट कर उनका प्रभार देने और नियमित वाच की आवश्यक्ता है। वरना यूं ही साधारण जवान मौत के शिकार होते रहेंगें और हमारा राज्य बहादुरी से जंग जारी रखने के बयान देते रहेगा। माओवाद प्रभावित राज्यों की छत्तीसगढ़ से लगी 4000 वर्ग किलोमीटर की सीमा पर चौकसी बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय पुलिस बलों और केंद्रीय बलों में और बेहतर समन्वय की आवश्यक्ता है। साथ ही पुलिस बलों को यह भी प्रेरित करने की जरूरत है कि वे आम जनता के मित्र की तरह पेश आएं और जनता के बीच विश्वास बहाली का काम करें। क्योंकि जनसहयोग के बिना यह आपरेशन सफल नहीं हो सकता। पुलिस की छवि अगर अत्याचारी और बलात्कारी की होगी तो इससे नक्सलवाद को ही बढ़ावा मिलेगा।

Thursday, 30 May 2013

अँधेरे के खिलाफ अँधेरे की लड़ाई : नक्सलवाद-1




छत्तीसगढ़ में कांग्रेसी नेताओं की नृशंस हत्या ने शायद पहली बार इतने व्यापक पैमाने पर देश का ध्यान नक्सली समस्या की ओर खींचा है. अधिकांश लोग पूछने लगे हैं कि ये रेड कॉरीडोर क्या है, सलवां जुडूम किस जानवर का नाम है, माओ किस बिल्ली की आवाज़ है, और ये चारू मजूमदार और कानू सान्याल कौन थे ? जो ज्यादा नहीं जानते वो मार्क्स को ही गालियां देने लगे हैं और सारी मुसीबत की जड़ उन्हें ही ठहरा रहे हैं.

 कुछ समय पहले एक साक्षात्कार में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह कह रहे थे—“ बस्तर में पिछले 30-40 सालों से नक्सली हैं। वहां पर गरीबी व पिछड़ेपन का मूल कारण भी नक्सली ही हैं। विकास की परिभाषा है कि वहां पर सड़कें बनें, स्कूल बनें, आंगनवाड़ी बने, बिजली हो, संचार व्यवस्था हो, लेकिन नक्सली सभी का विरोध करते हैं। वे विकास करने ही नहीं देना चाहते है। इस देश में विकास और लोकतंत्र के सबसे बड़े विरोधी कोई हैं तो वे नक्सली ही है।“ उधर नक्सली कहते हैं कि सरकार के शोषण के खिलाफ ये लालक्रान्ति है. 2050 तक हम इस देश में मज़दूरों का शासन स्थापित कर देंगे. इन दो तस्वीरों के बीच हम कैसे समझें नक्सलवाद को ?

आप जानते होंगे कि  नक्सलवाद कम्युनिस्ट क्रांतिकारियों के उस आंदोलन का अनौपचारिक नाम है जो भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के फलस्वरूप उत्पन्न हुआ। ‘सत्ता बंदूक से निकलती है‘ के सिद्धांत पर यकीन करने वाले नक्सलवाद का जन्म 25 मई 1967 को पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी में ज़मीनदार और किसानों के दरम्यान जमीन के झगड़े से हुआ। जिसमें पुलिस की गोली से 11 किसानों की मौत हो गई थी। नक्सलवादी संघर्ष का नेतृत्व कानू सान्याल और चारू मजूमदार ने संभाला। 21 सितबंर 2004 को पीपुल्स वार ग्रुप और माओइस्ट कम्युनिस्ट सेंटर के विलय के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) गठन हुआ। इनका सैनिक संगठन पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) काफी मजबूत है। गरीबों और शोषितों को इंसाफ दिलाने का दावा करने वाले नक्सलियों को भारतीय लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। वे चुनावों का बहिष्कार करते हैं। बदलते वक्त के साथ नक्सलवाद का ढ़ांचा और विचारों में परिवर्तन हो चुका है। सरकारी भवनों को उड़ाना, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों को नुकसान पहुंचाना इनका प्राथमिक लक्ष्य होता है। इसके पीछे इनका तर्क है कि स्कूलों में शिक्षा की बजाए सुरक्षा बलों को पनाह दी जाती है।नक्सलवाद के विचारधारात्मक विचलन की सबसे बड़ी मार आँध्र प्रदेश, छत्तीसगढ, उड़ीसा, झारखंड, और बिहार को झेलनी पड़ रही है।

नक्सलवाद भटका हुआ आंदोलन है । यह अधैर्य की उपज है । यह पशुयुग की वापसी का उपक्रम है जिसके मूल में है हिंसा और सिर्फ हिंसा। । तथाकथित समाजवादी मूल लक्ष्यों की साधना से न अब किसी कमांडर को लेना देना है न वैचारिक सूत्रधारों को । उसके मेनीफेस्टो में अब दीन-दुखी, पीडित-दलित, मारे-सताये हुए पारंपरिक रूप से शोषित समाज के प्रति न हमदर्दी की इबारत है, न ही समानता मूलक मूल्यों की स्थापना और विषमतावादी प्रवृतियों की समाप्ति के लिए लेशमात्र संकल्प शेष बचा है । वह स्वयं में शोषण का भयानकतम् और नया संस्करण बन चुका है । वह अभावग्रस्त एवं सहज, सरल लोगों के मन-शोषण नहीं बल्कि तन-शोषण का भी जंगली अंधेरा है । कम से कम छत्तीसगढ़ के दर्पण में नक्सलवाद का तो यही विकृत चेहरा नज़र आता है।

नक्सली मानते हैं कि वे जनता के अधिकारों के पहरुए हैं और उन्हें शोषण से मुक्त करना ही उनका लक्ष्य है तो वे उसी शोषित जनता की हत्या की राजनीति क्यों चलाते हैं । यहाँ उनकी यह करतूत क्या उन्हें दक्षिणपंथी फासिज्म से नहीं जोड़ देती है? नक्सली जिस रास्ते पर चल रहे हैं उससे अंतत: लाभ होगा वॉर इंडस्ट्री को। खास कर उन्हें जो हथियारों की चोरी-छिपे भारत में अस्त्र-शस्त्र की आपूर्ति को निरंतर बनाये रखना चाहते हैं । इनकी घोर क्रांतिकारिता जैसी शब्दावली ही बकवास है। उसे मानवीय गरिमा की स्थापना की लड़ाई कहना नक्सलवाद का सबसे बड़ा झूठ है । अदृश्य किंतु सबसे बड़ा सत्य तो यही है कि वह सत्ता प्राप्ति का गैर प्रजातांत्रिक और तानाशाही (अ)वैचारिकी का हिंसक संघर्ष है ।

इसकी वैचारिकी के लिए नक्सली माओ की आड़ लेते हैं. सच्चाई तो यही है कि माओत्से तुंग अति राष्ट्रवादी थे। माओ ने लिन प्याओ को अपना उत्तराधिकारी बनाया। वह हमेशा राज्य के हित में और कौमी राज्य के हित में संलग्न रहता था । फिर ये नक्सली किन एजेंडों पर काम कर रहे हैं और किस तरह की नैशनलिज्म की राह पर चल रहे हैं, किसी से छुपा नहीं है अब । नक्सली या माओवादी यदि खून खराबा और हिंसा त्याग दें और बाकी मांगें रखें तो ज्यादा संभव है कि उनका यह संघर्ष समाज और देश के लिए बेहतर साबित हो । लेकिन खेद है कि यह उनका लक्ष्य कम से कम अब तो वह कतई नहीं रहा । यदि ऐसा होता तो वे भी समाज की, देश की अन्य बुराईयों और दासतावादी मानसिकता के विरूद्ध लड़ते । यदि ऐसा होता तो वे न्याय व्यवस्था में सुधार, न्यूनतम मजदूरी या वेतन, मादा भ्रूण हत्या, सांप्रदायिकता, धर्मांधता और अशिक्षा के विपरीत भी एकजूट होते । यदि ऐसा होता तो ये भ्रष्ट्राचार के विरूद्ध सबसे बड़ी लड़ाई लड़ते जो आज वनांचलों की ही नहीं समूचे भारत की सबसे बड़ी समस्य़ा है ।

दूसरी तरफ नक्सलवाद को लेकर सरकारें जिस तरह राजनैतिक रोटी सेंकती रही हैं वह आम जनता की समझ से बाहर कतई नहीं है । नौकरशाह यानी वास्तविक नीति नियंताओं के बीच जनता के कितने हितैषी हैं, ऐसे चेहरों को भी आज जनता पहचानती है । उन्हें समय पर सबक सिखाना भी जानती है पर नक्सलवाद का सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि उसके परिणाम में केवल गरीब, निर्दोष, आदिवासी और कमजोर व्यक्ति ही मारा जा रहा है ।

उधर नक्सलियों की जनजातियों के अतिरिक्त, पुलिस, न्याय व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों और मीडिया में अच्छी पकड़ बन गई है। जब कभी पुलिस मुखबिर, दलाल आदि को गिरफ्तार करती है तो नक्सलियों के पे-रोल पर काम करने वाले सिविल सोसायटी, एनजीओ के सदस्य मानवाधिकार हनन की गुहार लगाकर अदालत को गुमराह करने में सफल हो जाते हैं। पिछले वर्ष 9 सितम्बर को एस.पी.ओ. लिंगाराम जब एस्सार और नक्सलियों के बीच बिचौलिये की भूमिका में धरा गया तो कई राज खुले। इस सत्य को स्वीकारने के बजाय नक्सलियों ने अपने कथित मानवाधिकार हनन के नेटवर्क के जरिये स्वामी अग्निवेश और प्रशांत भूषण से प्रेस कान्फ्रेंस कराकर प्रशासन को दागी बनाने का कुचक्र किया। हिमांशु ने बयान दिया कि लिंगाराम ने नोयडा स्थित इंटरनेशनल मीडिया इंस्टीट्यूट ऑफ इण्डिया में पढ़ाई की और उसकी संलिप्तता नहीं है। विगत एक दशक से छत्तीसगढ़ में रह रहा हिमांशु वनवासी चेतना आश्रम के बैनर तले नक्सलियों की मदद करता है। उसकी पैदल यात्रा का वनवासियों ने काफी विरोध भी किया था। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कई लोग नक्सलियों के पे-रोल पर काम करते हैं। पी.यू.सी.एल. लंबे अर्से से मानवाधिकार की रक्षा के नाम पर वाम उग्रवादियों की मदद करता है।

बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में सक्रिय नक्सली संगठन भाकपा माओवादी द्वारा इन दिनों सैकड़ों की संख्या में 10 से 16 साल की उम्र के बच्चों को हथियार चलाने और बारूदी सुरंग बिछाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है.जिस उम्र में बच्चों के हाथों में क़लम और किताब होने चाहिए थे, इन बच्चों के हाथों में घातक हथियार हैं.झारखंड के लगभग हर ज़िले में नक्सलियों का ऐसा बाल दस्ता है, जिनमें 18-20 बच्चे शामिल हैं. कुछ इलाके में तो ऐसे बाल नक्सली दस्ते की संख्या दर्ज़नों में है.नक्सली दस्ते में शामिल अधिकांश बच्चे दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के हैं.

चतरा इलाके में सक्रिय सब ज़ोनल कमांडर आकाश कहते हैं- "अशिक्षा, ग़रीबी और शोषण की मार सहने वाले इन बच्चों को हम संगठन में शिक्षा देने का भी काम कर रहे हैं. आम तौर पर इन्हें हथियारबंद दस्ते में सक्रिय भूमिका नहीं दी जाती. लेकिन ज़रुरत के हिसाब से इन्हें हथियारों का प्रशिक्षण देना ही पड़ता है."आकाश का दावा है कि इन बच्चों को नक्सली संगठन में शामिल करके वो एक ऐसी क्रांतिकारी फ़ौज़ का निर्माण कर रहे हैं, जो आने वाले दिनों में शारीरिक और मानसिक रुप से हर ख़तरे का सामना कर पाने में सक्षम होगा.

नक्सलियों की इस तथाकथित लालक्रान्ति का एक जबरदस्त आर्थिक पहलू भी है. कुछ दिनों पहले तक मघ्यप्रदेश और राजस्थान के अलावा कहीं और अफीम की खेती करने के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता था। किंतु अब उत्तरप्रदेश में भी इसकी खेती होने लगी है। हाल ही में इस श्रेणी में बिहार और झारखंड का नाम भी शामिल हो गया है। दरअसल बिहार और झारखंड के कुछ जिलों में गैरकानूनी तरीके से अफीम की खेती की जा रही है।

अफीम की खेती पठारों और पहाड़ों पर भी हो सकती है। अगर पठारों और पहाड़ों पर उपलब्ध मिट्टी की उर्वराशक्ति अच्छी होगी तो अफीम का उत्पादन भी वहाँ अच्छा होगा।इस तथ्य को बिहार और झारखंड में कार्यरत नक्सलियों ने बहुत बढ़िया से ताड़ा है। वर्तमान में बिहार के औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई में और झारखंड के चतरा तथा पलामू जिले में अफीम की खेती चोरी-छुपे तरीके से की जा रही है। इन जिलों को रेड जोन की संज्ञा दी गई है।ऐसा नहीं है कि सरकार इस सच्चाई से वाकिफ नहीं है। पुलिस और प्रशासन के ठीक नाक के नीचे निडरता से नक्सली किसानों के माघ्यम से इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं।

आमतौर पर नक्सली किसानों को अफीम की खेती करने के लिए मजबूर करते हैं। कभी अंग्रेजों ने भी बिहार के ही चंपारण में किसानों को नील की खेती करने के लिए विवश किया था। उसी कहानी को इतिहास फिर से दोहरा रहा है।जब पुलिस अफीम के फसलों को अपने कब्जे में ले भी लेती है तो उनके सिकंजे में केवल किसान ही आते हैं। पुलिस की थर्ड डिग्री भी उनसे नक्सलियों का नाम उगलवा नहीं पाती है।एक किलोग्राम अफीम की कीमत भारतीय बाजार में डेढ़ लाख है और जब इस अफीम से हेरोईन बनाया जाता है तो उसी एक किलोग्राम की कीमत डेढ़ करोड़ हो जाता है।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष इस रेड जोन से 70 करोड़ राजस्व की उगाही नक्सली कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सीपीआई, माओस्टि के अंतगर्त काम करने वाली बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी भी 300 करोड़ रुपयों राजस्व की उगाही प्रत्येक साल सिर्फ बिहार और झारखंड से कर रही है।छत्तीसगढ़ में बड़ी-बड़ी कंपनियों के नक्सली संगठनों से रिश्तों के उजागर होने के बाद अब पुनः सरकार और जनता को सलवा जुडूम की प्रासंगिकता याद आ रही है।

आपको याद होगा कि जून 2005 में छत्तीसगढ़ सरकार ने सलवा जुडूम की शक्ल में एक अभिनव प्रयोग किया था. इसमें नक्सलियों का मुकाबला करने के लिए आदिवासियों को ही तैयार करने की कार्ययोजना बनाई गई. आदिवासियों में ही विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) बना दिए गए. उन्हें प्रशिक्षण और हथियार दिए गए. इसका कुछ असर भी दिखा. छत्तीसगढ़ में नक्सली गतिविधियाँ कम हुईं. लेकिन आरोप लगे कि ये SPO  खुद आदिवासियों पर अत्याचार करने लगे हैं. मानवाधिकार कार्यकर्ताओं नें इस पर आपत्ति करते हुए सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई. 2009 में सुप्रीम कोर्ट ने सलवा जुडूम पर रोक लगा दी. अभी नकसलियों का शिकार हुए महेन्द्र कर्मा सलवा जुडूम अभियान के कर्ता-धर्ता थे.

 अवैध ढंग से धन देकर नक्सली बहुल क्षेत्रों में खनन और ऊर्जा कंपनियाँ भोले-भाले आदिवासियों और अन्य वर्गों का शोषण करती हैं। सर्वहारा वर्ग का कथित संरक्षण का दंभ भरने वाले नक्सली इनका दोहरा शोषण करते हैं। ऐश करने का माध्यम बनाकर नक्सली वीरप्पन शैली में खुशहाल जिंदगी जीते हैं। हिंसा का ताण्डव कर पुलिस व प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को वहाँ जाने से रोकते हैं। अकूत वन संपदा का दोहन करने पहुँचे उद्योगपतियों से लाखों रूपये की वसूली के बदले वे उन्हें अवैध तरीके से करोड़ों रूपये का लाभ पहुँचाते हैं। सर्वहारा और पूंजीवाद के विकृत घालमेल से उत्पन्न विद्रूप तस्वीर अत्यंत भयावह है। कमीशनखोरी के कारण सरकार के प्रतिनिधि भी अति प्रसन्न हैं। विकास के नाम पर राशि में वृध्दि ही उनकी संपन्नता को बढ़ाता है। छत्तीसगढ़ सरकार की एस.आई.टी. द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दंडकारण्य कमेटी की वार्षिक आय पांच करोड़ है, जिसमें तीन करोड़ हर साल खर्च हो जाते हैं। दो करोड़ रूपये प्रतिवर्ष सेंट्रल कमेटी को भेजा जाता है। सलवा जुडूम की वजह से आय का स्त्रोत घटा है। सरकारी उत्सव से लेकर आयोजनों को विफल करने की नक्सली रणनीति अपने साम्राज्य के क्षेत्र को बढ़ाना और निरंकुश शासन व्यवस्था को कायम रखने का है।

उद्योगपतियों से अकूत धनराशि देने के एक मामले के भंडाफोड़ से सरकार और जनता सभी चकित हैं। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि एस्सार कम्पनी ने जान-बूझकर ठेकेदारों को अतिरिक्त भुगतान किया, जो नक्सलियों को देने के लिये थी। इसकी सीबीआई जांच की मांग उठने के साथ सियासी राजनीति गर्मा गई है। स्टील क्षेत्र में बड़े निवेश कर रही विवादास्पद कंपनी एस्सार की 267 किलोमीटर लंबी मेटल पाइपलाइन दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) से आरंभ होकर मलकानगिरि (उड़ीसा) से गुजरते हुए विशाखापत्तनम (आंध्रप्रदेश) में समाप्त होती है।
एनएमडीसी के साथ अनुबंध के बाद एस्सार ने पाइपलाइन बिछाई जिससे प्रतिटन 550 रूपये की जगह अब उसे 80 रूपये व्यय करने पड़ते हैं। इस कार्य को पूरा करने में बाधक न बनने के लिये नक्सलियों को करोड़ों रूपये दिये गये। इन क्षेत्रों में धंधा करने के लिये यह आवश्यक हो गया है।पूर्व गृह सचिव जी.के. पिल्लई ने स्वीकार किया था कि अनेक उद्योगपतियों से ‘शांति’ के एवज में वाम उग्रवादी धन वसूलते हैं।

इस तस्वीर को देखने के बाद आप खुद सोचिए कि क्या इसे मुक्ति का संघर्ष कहा जा सकता है. नक्सली वनवासियों के नाम पर अपना कारोबार चला रहे हैं. वो वनवासियों तक कोई सरकारी मदद पहुचने नहीं देते . वनवासियों की दशा सुधर जायेगी तो इनका धंधा ही बन्द हो जायेगा. राजनीतिक दल इन आदिवासियों का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए करते हैं. भ्रष्ट अफसरशाही खाज में कोढ़ का काम करती है. इन दो पाटों के बीच पिस रहा है वह आदिवासी समाज, जिसका हितैषी होने का दावा नक्सली भी करते हैं और सरकार भी. 

तो क्या इन जंगलों में बसने वाले निर्दोष लोगों के जीवन में कभी सुबह आयेगी ? आयेगी तो कैसे आयेगी ? क्या ये कभी इस महान देश में अपने पूरे नागरिक अधिकारों और गौरव के साथ रह पायेंगे ? क्या इनके साथ होने वाला छल खत्म होगा ? नक्सलियों का यह जाल कैसे कटेगा, और सरकर के भेड़ियों से कैसे बचेंगे ये निर्दोष वंचित लोग ? अभी इन सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं ।                                                                              

( जारी......आखिर इस मर्ज़ की दवा क्या है........) 
14

Friday, 24 May 2013

सच पूछो तो

( प्रथम पुण्यतिथि पर, भगवत रावत को याद करते हुए....)


एक ऐसी जगह खोजता रहा जीवन भरजहाँ बैठकर बेफिक्री से
लिख पाता एक नाम
और कोई यह न पूछता
कि यह किसका नाम है.

हरदम चक्कर खाते चौबीसों घंटों में
इतना सा समय चाहिए था मुझे
जिसे आसानी से छिपाकर रख लेता
अपनी जेब में
और कोई यह न पूछता
उसे मैने कैसे खर्च किया.

भाषा से पटी पड़ी दुनिया में
कुछ ऐसे शब्द चाहिए थे मुझे जिन्हें
किसी अबोध लड़की के हाथों
गोबर-लिपी ज़मीन पर
चौक की तरह पूर देता
और कोई यह न पूछता
इसका है क्या अर्थ.

सच पूछो तो
इतने से कामों के लिए आया था पृथ्वी पर
और भागता रहा यहाँ से वहाँ ।

.................................भगवत रावत

Wednesday, 8 May 2013

पुनर्पाठ : खिलेगा तो देखेंगे / विनोद कुमार शुक्ल

पढ़ने के जब संस्कार बन रहे थे तो कुछ ऐसी रचनाएँ हाथ लगी जिनकी अनुगूँज हमेशा मन में बनी रही. इधर मन हुआ कि ऐसी किताबों और प्रिय लेखकों को फिर से पढ़ा जाये और देखा जाये कि अपनी समझ में कुछ विस्तार हुआ कि नहीं. ‘पुनर्पाठ’ के अन्तर्गत कुछ लेखकों की प्रिय रचनाओं पर लिखने की योजना है. यह लिखना इस तरह का होगा कि मैने उन्हें कैसे समझा. इस योजना में फिलहाल हजारी प्रसाद द्विवेदी, मंटो, विश्वनाथ त्रिपाठी, निर्मल वर्मा, उदय प्रकाश, मनोहर श्याम जोशी, श्रीलाल शुक्ल, काशीनाथ सिंह, हरिशंकर परसाई, भगवत रावत, मार्खेज़, मैत्रेयी पुष्पा, विष्णु खरे आदि लेखकों की रचनाएं हैं. शुरुआत अपने सर्वाधिक प्रिय और हिन्दी के सबसे बड़े समकालीन लेखक विनोदकुमार शुक्ल के उपन्यास ‘खिलेगा तो देखेंगे’ से कर रहा हूँ.

मिलान कुन्देरा ने उपन्यास की कला का ज़िक्र करते हुए एक जगह लिखा है—
“ उपन्यास यथार्थ का नहीं अस्तित्व का परीक्षण करता है. अस्तित्व घटित का नहीं होता, वह मानवीय संभावनाओं का आभास है. जो मनुष्य हो सकता है, जिसके लिए वह सक्षम है. उपन्यास-लेखक खोज के जरिए मानवीय संभावनाओं के अस्तित्व का नक्शा बनाता है. चरित्र और दुनिया, संभावनाओं के द्वारा जाने जाते हैं.”  ‘खिलेगा तो देखेंगे’ उपन्यास की मुख्य-प्रतिज्ञा भी दरअसल आदिवासी ग्राम्य-जीवन के अस्तित्व का नक्शा खोजना ही है.

‘खिलेगा तो देखेंगे’ स्वरूप की दृष्टि से, उपन्यास के प्रचलित रूप से बहुत अलग और एक रचनात्मक प्रयोग है. इसकी आत्मा में कथा के बजाय आदिवासी इलाके के दृश्य हैं. ऐसा इलाका जो सामजिक बन पाने की प्रक्रिया में अभी भी सामुदायिक है. समुदाय में लोगों और चीज़ों का रिश्ता पूरी तरह अलग नहीं हुआ होता. मनुष्य और मनुष्येत्तर में इतनी दूरी नहीं होती, जितनी तथाकथित सभ्य समाज में है. यह आदिम जीवन का लक्ष्य है. विनोद कुमार शुक्ल विचारों से नहीं, स्रोतों से सामुदायिक जीवन को पकड़ते हैं. दृश्य और स्थितियाँ, इन्द्रियों के के जरिए इन्द्रियों से कितनी तटस्थ रह सकती हैं, इसको आज़माने का प्रयोग किया गया है इस उपन्यास में. नदी-नाले, पोखर, तालाब, जंगल, चन्द्रमा, सूरज, तारे, आकाश और घर—सब चीज़ों की तरह हैं. घर में ताला लगाकर सुरक्षा है, तो पेड़ में ताला लगा लें और रह जायें ! ताला अगर सुरक्षा है तो उसे कहीं भी होना चाहिए. इलाके के जीवन में “सृष्टि में गांव और गांव का आकाश आता था”.

‘खिलेगा तो देखेंगे’ में चरित्र सूत्रता का क्रम नहीं है. विनोद कुमार के शब्दों में, “ गांव का इलाका, ज़माने से कोई होता हुआ कार्यक्रम है.”  कार्यक्रम कैसा ? दुख और तकलीफ का, जहाँ कार्यक्रम अच्छी तरह प्रस्तुत होता है, वहाँ तालियाँ बज जाती हैं. इलाके में परिवर्तन होते होते पास के मुसुआ गाँव में रेल्वे स्टेशन खुल गया. ट्रेन से लोगों का उतरना चढन होने लगा. इस प्रक्रिया में सामान की जगह परिवार होता था. बसें भी उधर आनें लगीं. फर्क यह पड़ा कि “ गाड़ी बस में यात्रा करना, और दुखों की तरह एक और दुख हो गया. मज़बूरी में उठाने के और दुख थे. यात्रा का दुख जुड़ गया. कैसे स्टेशन में खड़ी ट्रेन से परिवार उतर जाता, कुछ सभ्य सामाजिक मनचले लोग बहाने से जवान लड़कियों को उसी के अन्दर रोक लेते और ट्रेन छूट जाती. लड़कियाँ ट्रेन में में चिल्लाती रहतीं, माता-पिता नीचे रोते रहते. लड़कियाँ दिन से रात में चली जातीं और माता पिता दिन में खोजते रहते. अधेड़ अवस्था में वे लौटकर बच जातीं. प्लेटफार्म में अधेड़ में अधेड़ पागल औरत अधनंगी लेटी होती. उसके शरीर के चिथड़े में एक आकार के दाग होते. मक्खियां भिनभिनातीं पर वह गर्भवती न होती.” इस तरह के ब्यौरे रचना में दृश्य और वृत्तान्त की तरह हैं. दृश्यों, सूचनाओं, प्रसंगों, स्मृतियों और कल्पना से बुने बाल-सुलभ तानों-बानों की मालाएँ हैं.

‘खिलेगा तो देखेंगे’ एक अमनोवैज्ञानिक सामूहिक जीवन-वृत्त है. सर्वत्र क्रियात्मक छवियां हैं. प्रत्येक चीज़ के साथ हलचल है. पर्यावरण जीवन के साथ गुंथा है. एक कोने से देखने पर दूर तक क्षितिज दिखता है. इन्द्रियां दृश्यों को उतारती हैं. चीज़ें पेश होती हैं, फिर फैन्टसी द्वारा चीजें फैल जाती हैं. उदाहरण के लिए, डेरहिन को खोजने पहाड़ी पर पहुँचे सिपाही, थानेदार और जिवराखन के बीच एक सूचना के आधार पर “ यहाँ मुख्य वाद्य सितार था...कि डेरहिन की जाँघ में बिच्छू गोदा हु है. इस मुख्य वाद्य के साथ थानेदार का हृदय तबले की तरह धक् धक् धिन्ना कर रहा था. एक मुर्दा स्त्री की शिनाख्त के लिए जाँघ में चीन्हा देखने के बदले जिन्दा में देखना अच्छा होता. कहा जा रह था कि रेलगाड़ी में बैठकर ऐसी सामाजिकता आ गई थी कि स्त्री के ऊपर किया गया अत्याचार, अत्याचार नहीं हो रहा था. निर्वस्त्र करन छिलका उतार कर आम खन थ. गदराये आम को रसीला बनाया जाता और चोंपी तोड़कर चूस लिया जाता.”

 
अनेक प्रसंग हैँ जहाँ आदिवासी समुदाय में घुसते सभ्यता के परिवर्तन की विकृतियों को लेखक नें क्रीड़ाभाव से विदग्ध बना दिया है. आसान सी बातों में गहरी विदग्धता का यह नया अभिव्यक्ति अंदाज है. फणींश्वरनाथ रेणु ने मैला आँचल और परती परिकथा में कुछ ऐसे प्रयोग किए थे, जहाँ अभिप्राय लेखक का न हो, चीजें अपना अभिप्राय खुद कहें. परती परिकथा में परती जमीन की परीकथाओं नें उसे जीवित पात्र बना दिया था. चिड़ियां-पशु, कीड़े-मकोड़े यथार्थ का हिस्सा थे. मनुष्येत्तर चीजें उपन्यास में जीवन की तरह थीं.

विनोद कुमार शुक्ल के गद्य की सरलता अपेक्षाकृत ज्यादा संश्लिष्ट और ऋजु है. क्रियाएँ संभावना में फैलती हैं. मसलन गुरूजी के बेटे को भूख लगती है तो बेहोश हो जाता है. पास में सिक्का रहे तो कुछ खा लेता है. माँ की दी हुई दो रोटियाँ हैं तो खाकर बच जाता है. पिता को पता है कि
‘ भूख लगे और भोजन मिले ‘ – इस समीकरण से गुलाम बनना पड़ेगा. पूर्वजों को उन्होंने ऐसा ही देखा, खुद अनुभव किया और पुत्र भी स्टेशन की माल ढुलाई में फँस गया. अतः पुत्र को शिक्षा देते हैं और अभ्यास कराते हैं—“ भूखे रहकर पढ़ने का अभ्यास करो. पाठशाला जाओ, खेलो और भूखे पेट सो जाओ. भूखे उठो, मुंह हाथ धोओ. नहाओ, पढ़ने बैठ जाओ. दिनचर्या में खाना खाना भूल जाओ.” और यह आप्त वाक्य है—“ भूखा रहने की जितनी आदत होगी, स्वाभिमान से जीना उतना आसान होता होगा.”  पिता और पुत्र इस उपन्यास में तयशुदा आदमी हैं. चरित्र चित्रण के लिए लेखक जीवन की बहुत सी चीज़ें छोड़ देता है. यहाँ चीज़ें यथासंभव नही छूटी हैं. उद्धृत वृत्तान्त के भीतर जीवन के अनन्त दृश्यों की कहानियाँ हैं. यह ट्रेजडी की तरह करुणा उपजाने की बात नहीं है, नियति की तरह होते रहने की प्रस्तुति है.


उपन्यास में वृत्तान्त का जो केन्द्र है उसे गाँव कहा गया है. पड़ोस के कुछ गाँवों के नाम है लालपुर, हल्दी बड़गाँव मुसुआ आदि. लोगों में से कुछ के नाम हैं—घासीराम, जिवराखन, डेरहिन, पुसऊ, मनहर. इसके अलावा सब गुरूजी, कोटवार, मुन्ना, मुन्नी, पत्नि, शाला निरीक्षक, ग्रामसेवक, या स्टेशन मास्टर के रूप में हैं वृत्तान्त में. कहीं किसी के नाम न होने से कुछ नहीं खटकता. जातिवाचक जानकारी मामूली है मसलन, राउत, साव, देवर. समुदाय में ये चीज़ें अर्थ नहीं रखतीं. समुदाय का एक ही पोट्रेट होता है. स्थितियों के विरोधाभास उसी में खुलते हैं. दृश्यजगत की क्रियाएँ आभ्यन्तर प्रदेश की जानकारी देती हैं. विनोद जी गाँव के लक्षण को कई बार रेखांकित करते हैं. रेखांकन में अनुभव किया हुआ नतीज़ा होता है. जैसे गाँव के लोगों में सामान्य बातचीत में मीठा व्यंग्य और नाटकीयता होती है.
“दुख में उपेक्षा की फीकी हँसी हँस देते हैं. हँसी इतनी फीकी होती है कि उसके बाद रोना आता. अधिकतर रोने में हँसी थी. कभी-कभी सचमुच रो देते. पचास पैसे की जलेबी की मिठास कई दिनों तक रहती, कभी-कभी पाँच-छः महीने तक रहती.”  यह उपन्यास के भीतर निबन्ध-कला है.

यूरोप में रोमैन्टिसिज्म और इनटलैक्चुअलिज्म के आन्दोलन आये. व्यक्ति अस्मिता की तलाश के नाम पर अस्तित्ववाद आया. शोषण के विरुद्ध मार्क्सवाद ने प्रतिज्ञा की. भारत के आदिम जीवन में पहले से ही ये प्रवृत्तियाँ सहज और कोमल ढंग से मौजूद हैं. संकेत और इशारे से ये चीज़ें उपन्यास में खुलती हैं.

‘खिलेगा तो देखेंगे’ में प्रेम-प्रसंगों की अभिव्यक्तियाँ दिलचस्प हैं. जिवराखन और डेरहिन पति-पत्नि हैं. डेरहिन सुन्दर है. वह गाय बाँध सकती है. रेडियो चलाना और बन्द करना वह नहीं जानती. जिवराखन रेडियो चालू करता और बन्द भी. डेरहिन किसी युवा को बार-बार रेडियो बन्द करने को न कहती, प्रेम होने के डर से. जिवराखन सोचता सोचता कि डेरहिन रेडियो चलाना सीख लेती तो वह प्रेम करता. जिवराखन से उधार खाये गाँव के लोग उसके आगे-पीछे होते हुए भी वे रेडियो बन्द करने का साहस नहीं करते. डेरहिन ऐसे आदमी की तलाश में थी जिसने जिवराखन से उधार न लिया हो. वह मेले में हो आई. वह पहाड़ी की ओर चली गई. मुक्त आदमी के साथ वह जिवराखन से मुक्त हो गई. वह पकड़ में नहीं आई. गुरूजी अपनी सयानी ज़िन्दगी में कभी-कभी मुन्ना-मुन्नी के जन्म के पहले वाले समय में जा कर पत्नी को देखते. इन रहवासियों की प्रेम व्यंजनाएँ उन्हीं को पता हैं, जो वहाँ हैं. उपन्यास लेखक ने इसे इस तरह कहा—“ जब किसी एक से प्रेम करने का बंधन हो, चाहे प्रेम न हो, तो दूसरे से प्रेम होने का डर गृहस्थी की चौहद्दी को मजबूत बनाता है.”

उपन्यास में अनुच्छेद जैसी चीजें नहीं हैं. कुछ-कुछ दूरी पर अन्तराल हैं. अन्तराल में आगामी कार्यवाही की कुछ पंक्तियां उद्धृत होती हैं. पूरा वृत्तान्त निरंतरता में है. रचना में निरन्तरता का सूत्र कथन है—“ निरन्तरता समय का गोत्र है. जैसे भारद्वाज गोत्र होता है.” विनोद जी के शीर्षक प्रायः रचना की निरन्तरता से होते हैं. जैसे—“ वह आदमी चला गया गरम कोट पहन कर विचार की तरह”. यह एक आविष्कृत गद्य का उदाहरण है. कविता में गद्य और गद्य में कविता का अद्भुत खेल विनोद जी के यहाँ है. मूल जीवन की आदिम अभिव्यक्ति, आविष्कृत गद्य में कुशल कला कर्म है. यह आविष्कार को सहज बना देता है. स्थानीय रंगत ऊपर आ जाती है. दोतरफा संवाद चमत्कार पैदा करते हैं. जैसे, गुरूजी ने पेड़ से कहा और पेड़ ने गुरूजी से कहा. सामुदायिक जीवन के तौर तरीकों और रीति-रिवजों को भाषा में ढालकर लेखक नया रूप दे देता है. जैसे, एक रिवाज के अनुसार दूल्हे की माँ दुलहिन के आने पर कुएँ में कूदने का अभिनय करती है. दूल्हा उसे भोजन और कपड़ा देने का वचन देता है. सेवा करने की प्रतिज्ञा भी. इस आश्वासन पर वह कुएँ से निकल आती है. आदत की तरह ये रिवाज जीवन को बाँधे रखते हैं. भैंस में चढ़ कर तालाब नहाना, जलेबी खाना, बाँसुरी बजाना, मेले में जाना और बात बात में मिथकीय जीवन में चले जाना—विनोद कुमार शुक्ल आविष्कृत गद्य में, दृश्य की तरह संभव बनाते हैं.

‘खिलेगा तो देखेंगे’ उपन्यास के जरिए आदिवासी गाँवों का गठन देखें तो न जातियाँ उठकर आती हैं और न वर्गवाद. सामन्ती जीवन प्रणाली के व्यवस्थित अवशेष भी नज़र नहीं आते. इतिहास के द्वारा जिस तरह सामाजिक विकास के चिन्ह गाँवों में प्राप्त किए  जाते हैं, वे इस जीवन में नहीं हैं. सामुदयिक मिथकीय विश्वासों, प्रथाओं और चलन की स्मृतियों में ये जीते हैं. इनके यहाँ स्वतंत्रता के अनुभव अपने हैं. डेरहिन के बहाने स्त्रियों की बंधन मुक्ति की प्रथा देखी जा सकती है. इनका अपना ढाँचा और उसके भीतर का आन्तरिक संतरण है. उपन्यास में गुरूजी, जिवराखन, स्टेशन मास्टर, थानेदार इस आन्तरिक संतरण में हस्तक्षेप हैं. पाठशाला, स्टेशन, थाना और दूकान के प्रभाव यहाँ के जीवन में अलग अलग पड़ते हैं. विनोद कुमार शुक्ल  इस जीवन में संचित तमाम लक्षणों का आंकलन दर्शाते और भावी संभावनाओं का अनुमान करते है. यथार्थ के प्रति किसी निर्धारित दृष्टि से जीवन की आलोचना का मार्ग नहीं अपनाते. उपन्यास की खूबी यह है कि इस जीवन की स्वयं की जो अभिव्यक्ति प्रणाली है, उसे रचना के कैनवास में ग्रहण करने का प्रयत्न किया गया हैं. और भाषा में रूपक और अन्योक्ति का जो बर्ताव है वह शास्त्रीय नहीं, लेखक का अपना चमत्कार है.