Pages

Monday, 18 March 2013

सोलह बरस की बाली उमर के सवाल !

स्त्रियों की उम्र को लेकर ऐसी देशव्यापी चर्चा पहले कभी नहीं चली होगी. हाल ही में स्त्रियों के साथ होने वाले दुष्कर्म से पूरे देश में जो जन-जागृति दिखाई पड़ रही रही है, उसमें कुछ चौकाने वाली प्रपत्तियाँ सामने आ रही हैं. दिल्ली गैंगरेप के बाद भारतीय मीडिया इस तरह से दुष्कर्म पर एकाग्र हुआ कि ऐसा लगने लगा है कि इस देश में दुष्कर्म के अलावा कुछ होता ही नहीं, और इस देश के पुरुषों के पास बलात्कार करने के अलावा कोई काम ही नहीं है. अखबारों और खबरिया चैनलों मे ऐसी ही खबरें हैं. बलात्कार की मनोवृत्ति और उसके समाधान को लेकर लम्बी-लम्बी बहसें आयोजित की गईं, जिनमें गृहस्थ, नेता, पुलिस अधिकारी, समाजशास्त्रियों से लेकर, चोर-लबार-संत-मुनि-ज्ञानी, सब शामिल हुए.

देशव्यापी आंदोलन और बहसों का सरकार और न्यायपालिका पर ऐसा दबाव बना कि न्यायलों ने दूसरे काम छोड़कर दुष्कर्म क मामलों को धड़ाधड़ निपटाना शुरू कर दिया. हफ्ते भर में फैसले आने शुरू हो गए और कठोरतम सज़ा सुनाई गई. थानों में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने लगी. अखबारों में छेड़खानी की खबर भी दुष्कर्म के शीर्षक से छपने लगी. गाँव, शहर और कस्बों में, कुएँ और हैंडपंपों पर होने वाले झगड़े पुलिस तक पहुँचते पहुँचते दुष्कर्म में तब्दील होने लगे. पहले ऐसी किसी घटना पर टीवी रिपोर्टर के सामने आपबीती सुनाते हुए पीड़िता दुपट्टे या साड़ी से चेहरा ढँक लेती थी. लेकिन अब वह निस्संकोच होकर कैमरे के सामने बयान देने लगी है. साफ है कि देश भर में जिस तरह से लोगों ने आवाज उठाई है, उससे पीड़ितों का आत्मविश्वास बढ़ा है. यह भी लगा कि देश भर के महिला संगठनों को मानो जीवनदान मिल गया हो, तो वहीं महिला लेखकों का विषय का अकाल खत्म हुआ.

यह जनाक्रोश का ही दबाव था कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को अतिरिक्त सक्रिय होना पड़ा. सरकार ने मंत्रियों का समूह बनाकर महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए सुझाव देने को कहा. मंत्रियों ने अपना काम किया. जाहिर है उन्होने दुष्कर्म के लिए जिम्मेदार प्रत्यक्ष और परोक्ष सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और जैविक कारणों पर गहन विचार किया होगा. इस मंथन के बाद महिलाओं से जुड़े कुछ अधिनियमों में संशोधन की ज़रूरत महसूस की गई और इन संशोधनों को संसद से पास कराने की कसरत शुरू हुई. हम अपनी संसद का चरित्र तो जानते ही हैं. यहाँ चर्चा कम होती है, बहिर्गमन ज्यादा होता है. बिना चर्चा के ही प्रस्ताव पास होते हैं, इसीलिए अधिकतर जनहित के नहीं बल्कि सरकारहित के होते हैं. विपक्षी दल पहले हो-हल्ला करते हैं, लेकिन प्रस्ताव पास हो जाने के बाद चुप हो जाते हैं. वो जानते हैं कि जब उनकी सरकार बनेगी तो यही उन्हें भी करना है. खैर !!

सरकार की तरफ से मंत्री समूह नें एक विचित्र संशोधन की सिफारिश की है. यह यौन-सम्बन्धों की वैधता से जुड़ी  सिफारिश है. आप जानते हैं कि अभी जो कानून है उसके मुताबिक 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकी लड़की से यदि कोई पुरुष उसकी सहमति से यौन-सम्बन्ध बनाता है तो वह कानून की नज़र में दणडनीय नहीं है. मंत्री-समूह ने सिफारिश की है कि अब इस तरह के सहमति के यौन सम्बन्धों में लड़की की उम्र 18 से घटाकर 16 कर दी जाये.

इस प्रस्ताव में कुछ बातें गौर करने की हैं. पहली यह कि यह संशोधन महिलाओं से होने वाले दुष्कर्म को कम करने के लिए किया जा रहा है. दूसरी यह कि इसमें पुरुषों की उम्र का कोई उल्लेख नहीं है. तीसरी यह कि सहमति से बनने वाले यौन-संबन्धों में आपत्ति करने वाले कौन हैं ? चौथी यह कि जिस तर्क से विवाह के लिए लड़की की न्यूनतम आयू 18 वर्ष रखी गई है, उस तर्क को यहाँ क्यों प्रासंगिक नहीं माना गया ? पाचवीं यह कि क्या इस देश की यौन-आकांक्षाओं में बदलाव हुआ है ?

यद्यपि सरकार ने अपने प्रस्ताव पर ऐसा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है, जिससे उपरोक्त जिज्ञासाएँ शान्त हो सकें. सरकार का पूरा ध्यान अभी इस संशोधन को संसद की मंजूरी दिलाने में है. यह प्रस्ताव दिखता ही कुछ इतना विचित्र है कि पहला मन इसके विरोध में जाने का होता है. इसीलिए विपक्षी दलों के साथ साथ सरकार के कई सहयी दल भी धीरे-धीरे इसके विरोध में होते जा रहे हैं. मजे की बात तो ये है कि मंत्री-समूह में शामिल कुछ सदस्य भी अब ये कहने लगे हैं कि वो इससे सहमत नहीं थे. इसमें सबसे मुखर स्वर कृष्णा तीरथ का है.

आइए पहले यह देखने की कोशिश करते हैं कि इस संशोधन पर सरकार का संभावित स्पष्टीकरण क्या हो सकता है ! शायद सरकार यह मानती होगी कि 16 वर्ष की आयु तक लड़कियों का शरीर यौन संबन्ध बनाने के लिए पूर्णतः तैयार हो जाता है. चूँकि दुष्कर्म के अधिकांश मामले कम उम्र की लड़कियों के साथ होते हैं, अतः अगर इसे कानूनी वैधता दे दी जाये तो लड़कियां सहमति से यौन संबन्ध बना लेंगी और बलात्कार की नौबत ही नहीं बनेगी. साथ ही यह भी कि कई बार सहमति के संबन्धों का खुलासा होने पर उनकी शिकायत बलात्कार के रूप में दर्ज कराई जाती है. आयु सीमा घटा कर 16 कर देने पर सरकार के दुष्कर्म के राष्ट्रीय आंकड़ों में तेजी से गिरावट प्रत्याशित है.

सरकार ने पुरुष के लिए कोई आयु सीमा नहीं रखी है. शायद वह मानती है कि पुरुष स्वाभाविक यौनाचारी है, और यौनक्रिया सम्पन्न करने के लिए उसके शारीरिक विकास की कोई भूमिका नहीं है. वह यह भी मानती होगी कि यौन क्रिया में पुरुष आक्रान्ता है और स्त्री दयनीय.

सरकार यह दलील भी दे सकती है कि विवाह और यौन क्रिया में पर्याप्त अंतर है. विवाह के बाद लड़की पर पारिवारिक, आर्थिक और मातृत्व संबन्धी जटिल प्रक्रियाओं का दबाव होता है. इसीलिए उसका शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक परिपक्व होना आवश्यक है. इसीलिए विवाह की उम्र 18 वर्ष रखी गई है. लेकिन यौन क्रियाओं के लिए लड़की का शरीर पहले ही तैयार हो जाता है, और उसकी यौन-जिज्ञासाएँ भी कम उम्र में ही बढ़ जाती हैं. साथ ही समाज समाज में आये खुलेपन और लड़कियों के बाहरी दुनिया से बढ़े सम्पर्क के कारण यौन संबन्धों को रोक पाना मुश्किल काम है. इसीलिए 16 की उम्र में ही इसे कानूनी वैधता दे देनी चाहिए.

सरकार यह भी महसूस करती होगी कि देश की यौन-आकांक्षाओं में तेजी से बदलाव हुआ है. वह इस बदलाव की गुणात्मकता का अंदाज़ा भले न लगा पाए, लेकिन इतना तो जानती होगी कि लोगों की यौन-इच्छाओं के जो आत्मबन्ध थे वो ज्यादातर टूट रहे हैं. उपभोक्तावाद सिर्फ बाज़ार को ही नहीं प्रभावित करता, वह हमारे चरित्र को भी बदल देता है. नैतिकता के बंधन कब टूट जाते हैं, हमें पता ही नहीं चलता. हम उथले और स्वेच्छाचारी होते जाते हैं. कुछ ही समय में यह उथलापन और स्वेच्छाचारिता हमारी आदत बन जाती है. और बड़ी ठसक के साथ यही हमारे जीवन में नैतिक मूल्य की तरह विराज जाती है.

उदारीकरण से जो व्यापारिक प्रतिस्पर्धा पैदा हुई, उसने विज्ञापन की पूरी संस्कृति को ही बदल दिया. अब ऐसा कोई उत्पाद नहीं है, जिसे बेंचने के लिए अर्धनग्न लड़कियों का इस्तेमाल न किया जाता हो. मनुष्य के यौन-जीवन की गोपन बातें बच्चों को चॉकलेट और चिप्स के साथ मिलने लगी हैं. इंटरनेट निर्बाध पोर्न सामग्री उपलब्ध करा रहा है. एकल परिवारों के छोटे घरों में परदे उड़ रहे हैं और बच्चे वह सब देख लेते हैं जो उन्हें नहीं देखना चाहिए. नशाखोरी की बढ़ती सामाजिक मान्यता सबको उश्रृंखल बना रही है. ऐसे में देश का यौन-आचरण तो बदलना ही था. अब अधिकांश लोग प्रेमिका/प्रेमी नहीं, शिकार ढूढ़ते हैं.

अब मूल बात पर लौटना चाहिए. कि सहमति से यौन संबन्धों की आयु सीमा घटा देने से क्या लड़कियां सुरक्षित हो जायेंगी ?  क्या आपको लगता है कि दुष्कर्म का आयु से कोई गंभीर संबन्ध है. जिस मानसिकता में बलात्कार किए जाते हैं क्या उस समय इस बात से फर्क पड़ेगा कि लड़की की उम्र 16 है या 18. और अगर सहमति से यौन संबन्ध बनाया गया है तो वह दुष्कर्म कहाँ हुआ ! चाहे यह संबन्ध सोलह में बने या साठ में. और क्या आप यह मानने की ज़िद भी करेंगे कि अभी तक 18 से कम उम्र की लड़कियां सहमति से यौन संबन्ध बनाती ही नहीं थीं !! या यह मान लेंगे कि नया अधिनियम बन जाने के बाद लड़कियां धडल्ले से यौन संबन्ध बनाने लगेंगी !!!

दरअसल यह कानूनी समस्या है ही नहीं. यह हमारी सामाजिक समस्या है. हमारा समाज पति के अलावा किसी भी यौन संबन्ध को बर्दाश्त नहीं कर सकता, चाहे वो किसी भी उम्र में सहमति से ही क्यों न बनाए जायें. अगर स्त्री-पुरुष में परस्पर सहमति भी हो तो दूसरे लोग उसे नहीं होने देंगे. इस देश में अभी भी हमारी अपनी ही देह और मन पर हमारा अधिकार नहीं है. यौन संबन्धों में कानून की इतनी ही भूमिका रही है अब तक कि 90 प्रतिशत बलात्कार के मुकदमें झूठे रहे हैं. इसमें लड़की-लड़के के परिवार वालों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. यौन संबन्ध चौराहों पर तो बनाए नहीं जाते. पहले तो इन्हें भरसक छुपाए रखने की कोशिश की जाती है. और दुर्भाग्य से अगर यह खुल गया और लड़की नाबालिग(18 से कम) हुई तो लड़के पर बलात्कार का केस बनवा दिया जाता है. ऐसे मामलों में पुलिस बहुत जल्दी असलियत भाँप लेती है. और वह दोनों पक्षों से अपना हित साधती है.

उम्र सीमा 18 से 16 करने का भले ही स्त्रियों की सुरक्षा पर खास असर न पड़े लेकिन एक डर है. 16 की उम्र की लड़कियों में उत्साह ज्यादा होता है और समझ कम. उनकी यौन-जिज्ञासाओं का फायदा कोई भी कुशल शिकारी उठा सकता है. विवाह पूर्व के यौन संबन्ध कई बार लड़कियों के लिए बहुत बड़ी मानसिक समस्या बन जाते हैं. शारीरिक और सामाजिक समस्या तो वो होते ही हैं. इसीलिए सरकार का उम्र घटाने का यह निर्णय स्वागत करने लायक तो नहीं ही है, विशेषकर तब जबकि इसका स्त्री-सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है.

Friday, 15 March 2013

हवा ने पेड़ से प्रेम किया


हवा ने पेड़ से प्रेम किया

और मुक्त हो गई.

सूरज ने आग से प्रेम किया 
और मुक्त हो गया.

चन्द्रमा बर्फ से
प्रेम करते हुए मुक्त हुआ.
सुमुद्र पानी के प्रेम में इतना फैला.

तुमने मुझसे प्रेम किया
और मुझे
कभी पेड़ आग बर्फ
फिर पानी बनाती रहीं.

इस तरह
तुम्हें मुक्ति मिली नहीं
और मैने भी
आवर्त सारिणी के बाहर
मैन्डलीफ के कॉल को
रिजेक्ट कर दिया है ।

Wednesday, 13 March 2013

नींद की ज़गह पर नींद का ख़याल था


नींद की ज़गह पर
नींद का ख़याल था
और सपनों की ज़गह पर
कुछ सचमुच के डर थे ।

नींद आने के ख़याल में 
रात का सन्नाटा था
जिसमें मैं
एक सुनसान सड़क के ख़याल में
घर से निकल गया जैसे निकला था ।

मेरे एक हाथ की उँगलियाँ
मेरे होठों से लगी थीं
और दूसरा हाथ
ज़ेब में रखी चाभियों पर था.
हालाँकि मैं न तो सिगरेट पीता हूँ
और ताला भी नहीं लगाया था घर में ।

जिस बायीं कलाई को
मैं बीच बीच में देख लेता था
उस पर घड़ी बाँधना
जानबूझ कर भूल गया था ।

घर से निकलते वक्त
समय से बाहर निकलने का ख़याल था ।

मैं जिस सड़क पर
जाने के ख़याल में था
वह समय के बाहर थी
और मेरे पास
किसी दोस्त का फोन नम्बर भी नहीं था ।

लेकिन सड़क
समय के इतने
समानान्तर जा रही थी
कि समय के अन्दर के एक घर से
सुनाई पड़ रही थी
दबाकर निकाली गई एक कराह
एक बूढ़ा
एकदम समय की कगार पर
कुछ ऐसे खाँस रहा था
जैसे वो प्रक्षेपित हो जाना चाहता हो 
समय से बाहर ।
घर के अन्दर 
एक नौजवान
इधर उधर बिखरी किताबों के बीच
अधेड़ हो रहा था ।

उम्र बढ़ना
जीवन बढ़ना नहीं होता होगा
कि उम्र
समय के भीतर बढ़ती होगी ।

जीवन बढ़ने के लिए
समय का अतिक्रमण करना होता होगा
समय से बाहर जाना
समय का अतिक्रमण नहीं होता ।

तो इस वक्त मैं
अतिक्रमण के ख़याल में
समय से बाहर था ।

मैं समय से बाहर की सड़क पर
बायीं ओर चल रहा था ।।

Saturday, 2 March 2013

अंतिम सर्ग

यह एक समुद्र है
जिसका केवल एक छोर होता है.

इतना पानी है
कि आग की तरह 
उठती है प्यास की लपट.

इसके भीतर जो भी आता है
नमक में तब्दील हो जाता है.

और नमक
अब भी
सबसे सस्ता जिंस है दुनिया में.

Wednesday, 27 February 2013

पहला प्यार

***
पहला प्यार
ऐसे अचानक आता है
कि उस वक्त
हमारे पास न तो डायरी होती है
न कलम ।

इसीलिए
उसकी तारीख दर्ज करनी होती है
किसी मकान के पीछे की दीवार पर
या किसी पेड़ के खुरदुरे तने पर
या किसी मंदिर की पवित्र गंध में
या फिर धूल पर लिखी गयी इबारत में ।

जैसे घर के सामने
आम के पेड़ को देखने से
याद नहीं आता
कि धरती से कब फूटा था
इसका अंकुर,
कि वह किस सन् की बारिश थी
जिसने पहली बार भिगाया था
यह भी तो नहीं याद आता ।

याद बस इतना आता है
कि एक झूले में बैठकर
इतना ऊपर गये थे
कि दुनिया कंचे की तरह दिख रही थी
और नीचे आते समय
कलेजा मुहँ से बाहर निकलने को था ।

***
पहले प्यार के जीवाश्म
दबे रह जाते हैं
जीवन की परतों में ।

उम्र की सदियाँ गुजर जाने के बाद
अचानक किसी रोज
पड़ती है एक कुदाल
परतों के बीच से
कोई निकाल लाता है
पहले प्यार के गुणसूत्र ।

जैसे कोई राग था
जो किसी कंठ में
बजता रहा
बंदिशें बदल बदल कर ।

***
कि
एक नदी होता है
पहला प्यार !
जो एक पहाड़ से निकलती है
जिसकी धार पतली होती है शुरू में
और वेग ज्यादा,
और नही चलती सीधे रास्ते कभी भी ।

लगता है
जिस दिन निकली होगी
दुनिया की पहली नदी
उसी दिन पैदा हुआ होगा
पहला प्यार भी ।।

Sunday, 24 February 2013

बजट सत्र के पहले !

भद्रलोक के लिए
एक भदेस टिप्पणी था य़ह दृश्य ।

जब वो बड़ी हड़बड़ी में
निकला था घर से
और सबसे मुस्कुरा के 
बात की थी उसने ।

वह बच्चे के लिए बस्ता खरीदने
जा रहा था ।

पापा उसे बता रहे थे 
कि हमारे कपड़े
पेरिस में धुलने जाते थे,
यह रास्ता काटने का 
उपक्रम रहा होगा ।

बहरहाल !
दूकानदार मुस्कुराने का अभ्यासी था,
इसीलिए मुस्कुरा रहा था ।

उसे एक ऐसा बस्ता चाहिए था
जिसमें सभी किताबों को रखने के बाद
किसी खंधे में उसकी हैसियत भी छुपी रहे ।

बहुत देर बाद
जब दूकानदार ने सुनी उसकी बात
तब तक बच्चा
बैठ चुका था पापा के कंधे पर ।

पिता बस्ते देख रहा था
बेटा उसके बाहर
दूकानदार की नज़र
इनके बीच थी कहीं ।

पिता एक एक बस्ते की कीमत 
कई बार पूछता
बेटा कंधे से उतर गया
दूकानदार मुस्कुराता रहा ।

यद्यपि
पिता ने इस बीच
उन बस्तों को 
बच्चों के लिए उनुपयोगी सिद्ध करने की ग
दयनीय कोशिश की ।

लेकिन ऐसा करते हुए
उसके माथे पर एक रेखा उभर आयी थी ।

पता नहीं
वह रेखा ऊपर थी या नीचे
मगर उसके माथे पर एक ऐसी शिकन थी
कि कमबख्त
गरीबी रेखा लगती थी ।

Saturday, 16 February 2013

मृत्यु और उत्सवधर्मिता


मृत्यु चाहे किसी की भी हो, क्या हम उस पर नाच सकते हैं ! हममें से वो कौन लोग हैं जिनके भीतर मृत्यु का उत्सव मनाने का हौसला है ? यह हौसला आता कहाँ से है ? क्या यह प्रवृत्ति हमारी किसी सांस्कृतिक दुर्बलता से पैदा हुई है ? ये सवाल अफजल गुरू को फाँसी पर लटकाए जाने के बाद से ही बेचैन कर रहे हैं.

अफजल को फाँसी पर लटका दिए जाने के बाद पूरे देश में एक खास विचारधारा से जुड़े लोगों ने जश्न मनाया. पटाखे फोड़े. मिठाइयां बाँटीं, बधाइयों का आदान-प्रदान किया. ऐसा दिख रहा था जैसे एक मृत्यु ने उनको असीम खुशी दे दी हो. लोगों की खुशी के बाँध टूटे तो पूरे देश में पानी फैला. लेकिन हमारे मानवीय चेहरे का पानी उतर गया. हमने अपने भीतर कहीं छुप कर महसूस किया कि हम शर्मशार हो रहे हैं.

कई बार होता है कि जो चीज़ हमें दर्द से बाहर निकालती है, वो हमें कुछ समय के लिए खुशी देने लगती है. लेकिन इस बार के जश्न पर यह मनोविज्ञान भी लागू नहीं होता. संसद पर हमला ग्यारह साल पहले हुआ था. वह बुरी तरह से झकझोर देने वाली घटना थी. उस हमले ने पीड़ा से ज्यादा अपमान दिया था. इस अपमान में अपनी दुर्बलता की छटपटाहट भी थी. सौभाग्य से उस हमले में उतना नुकसान नहीं हुआ जितना हो सकता था. धीरे-धीरे समय के साथ इस घटना की स्मृति धुँधली होती गयी. और उसी अनुपात में अपमान का दंश भी मिटता गया. इस हमले के मास्टरमाइंड के रूप में अफजल गुरू पर मुकदमा चला और उसे अदालत ने दोषी करार देते हुए फाँसी की सज़ा सुनाई. अफजल को फाँसी पर लटकाने में इतने वर्ष लग गये.

इस बीच अफजल के फ्रति कुछ लोगों के भीतर सहानुभूति भी पनपने लगी. उसके दोषी होने पर भी सवाल उठे. विशेष रुप से जम्मू-कश्मीर में एक बड़े वर्ग की सहानुभूति अफजल के साथ थी. यह वर्ग उसकी सज़ा को कम करने की माग करता रहा है. और तो और, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कहा ह कि अफजल को फाँसी नहीं दी जानी चाहिए. हालाँकि मुख्यमंत्री का यह बयान केवल भावनात्मक नहीं है, इसके राजनीतिक निहितार्थों को भी देश की जनता समझती है. लेकिन भारत सरकार को यह तो समझ ही लेना चाहिए कि उसने कश्मीर मामले को गंभीरता से नहीं लिया. जम्मू-कश्मीर संवैधानिक रूप से भले ही भारत का राज्य हो, पर वहां की जनता के मन की दुविधा खत्म नहीं हो पायी.

मन जीतना कठिन काम होता है. सरकार ने सरल रास्ता चुना. उसने देश का ध्यान पाकिस्तान-जनित आतंकवाद पर केन्द्रित कर दिया, और जम्मू-कश्मीर की जनता से भी यही समझने की असफल उम्मीद की.

अफजल को फाँसी दे दिए जाने के बाद एक संतोष तो होना चाहिए था कि देश के दुश्मन को सज़ा मिली. बेशक बहुत से लोगों को उससे सहानुभूति होगी लेकिन एक देश की न्याय-व्यवस्था के लिहाज से यह बिल्कुल उचित कदम था. लेकिन उसकी फाँसी के बाद जो जश्न मनाया गया वह आहत करने वाला है. यह सिर्फ भावनाओं को आहत करने वाला जश्न नहीं है, बल्कि इससे हमारा समूचा सांस्कृतिक विकास कलंकित होता है. यह हमारी चिंतन-परंपरा पर भी प्रश्न-चिन्ह है. हमारी दार्शनिक और मनोवज्ञानिक चिन्तन-परंपरा में माना जाता है कि आदमी हर अगले क्षण वही नहीं रह जाता, जो उससे पहले वाले क्षण में होता है. जो दार्शनिक परंपराएँ आत्मा के अस्तित्व और अमरत्व को स्वीकार भी करती हैं, वो भी यह मानती हैं कि व्यक्ति का मानस बदलता रहता है. सज़ा पाते समय व्यक्ति वही नहीं होता जो अपराध करते समय होता है. यद्यपि दुनिया के अधिकांश देशों की न्याय-व्यवस्था उपरोक्त दर्शन और तर्क से नहीं चलती. उनके तर्क, दण्ड और भय से निकलते हैं. उनके सामने समाज के सुचारू संचालन का प्रश्न सबसे प्रमुख होता है.

लेकिन किसी भी समाज के भीतर एक सांस्कृतिक धारा भी प्रवाहित होती रहती है, जिसका निर्माण अनेक अमूर्त तत्वों से होता है. समाज की सुव्यवस्था में प्रशासनिक कौशल से ज्यादा बड़ी भूमिका इन्हीं अमूर्त तत्वों की होती है. हमारी लगातार विकसित होती गई सभ्यता में अनेक से उदाहरण भरे पड़े हैं, जब लोगों ने अपने क्रूरतम शत्रु को क्षमा कर दिया. युद्ध में अगर मारना ज़रूरी हो गया तो मृतात्मा को पूरा सम्मान दिया गया. हमारी धार्मिक मान्यताओं में यह भी है कि मृत्यु के बाद आत्मा सभी विशेषणों से मुक्त हो जाती है. उसके साथ न तो उसके पुण्य रहते हैं और न पाप. आप याद करिये कि इस देश के इतिहास में कभी भी किसी की मृत्यु का उत्सव मनाया गया हो !

दरअसल कोई भी मृत्यु हो, इतनी कातर और दुखद होती है, कि वह आह्लाद पैदा नहीं कर सकती. एक मृत्यु, एक जीवन का समापन तो करती ही है, साथ ही वह कुछ और ज़िन्दगियों से भी कुछ छीन ले जाती है. कई बार किसी मृत्यु से कई जीवन, तकलीफ और अभाव की अनन्त आकाशगंगा में भटकते रह जाते हैं. आपने महसूस किया होगा कि किसी की मृत्यु के समय जो अथाह पीड़ा होती है, वह मरने वाले के लिए कम, उसके पीछे जीवित रह गये लोगों की दशा से उपजती है. से ही समय में अपने जीवन की अनिश्चितता का बोध भी होता है, और अपने पीछे छूट जाने वाले लोगों के दुख की कल्पना भी होती है. यह भाव-बोध हमारे शोक को दोगुना कर देता है. इसीलिए न्याय, सुशासन और सुधार के सारे तर्कों के बावजूद, मृत्यु सिर्फ और सिर्फ शोक का विषय है.

अफजल की फाँसी के बाद हुए जश्न में सिर्फ सांस्कृतिक अनर्थ नहीं है, इसमे एक राजनीतिक अंतर्धारा भी है. नरेन्द्र मोदी अपना रथ लेकर हस्तिनापुर के और नजदीक पहुँचते जा रहे थे. उन्होने अफजल की फाँसी में हो रहे विलम्ब को, सीधे सरकार की अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की नीति से जोड़ दिया था. भारत के माननीय गृहमंत्री शिन्दे जी ने हिन्दू समुदाय को आतंकवाद से जोड़कर, पाकिस्तान को बिना मेहनत के ही उसके गुनाहों को छुपाने का एक बहाना दे दिया. हालाँकि यह साबित हो चुका ह कि आतंकवादी घटनाओं से जुड़े कुछ लोगों का गहरा संबन्ध कुछ हिन्दू संगठनों से है, लेकिन देश जानता है कि हिन्दू कौम किसी भी स्तर पर आतंकवाद का न तो समर्थन करती है, न ही पोषण. ऐसे में शिन्दे साहब का राजनीतिक दाँव उन्हीं के लिए भस्मासुर बन गया. इन विषम राजनीतिक स्थितियों से उबरने के लिए सरकार को आनन फानन में अफजल को फाँसी पर लटकाने का फैसला करना पड़ा.

अफजल की मृत्यु के बाद देश का बौद्धिक वर्ग भी जाग गया सा लगता है. उसकी फाँसी को लोग गलत ठहरा रहे हैं. पर उनकी बातें एकदम हवा-हवाई हैं. फाँसी की सजा आज तो हुई नहीं है.दस साल पहले सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद और फिर दया याचिका राष्ट्रपति द्वारा खारिज किए जाने के बाद इतना समय था, फिर इस बीच किसी ने आवाज़ क्यों नहीं उठाई. कोर्ट में इतने समय तक मुकदमा चला. अफजल के साथ बड़े-बड़े वकील थे. एक पूरी प्रक्रिया के बाद फाँसी की सज़ा दी गई. पुलिस ने अगर फर्जी मुकदमा बनाया था तो कोर्ट की जिरह में सामने आता जहाँ सारे तथ्य और सबूत पेश किए गये. टीवी चैनल पर बैठकर बिना सबूतों के कोर्ट के फैसले को गलत ठहराना निहायत बचकानी हरकत है.

अफजल की मृत्यु के बाद जो कुछ हुआ वह राष्ट्रीय शर्म की बात है. उसने देश के लिए अभूतपूर्व खतरा पैदा करने की कोशिश की थी. इसकी सज़ा उसको मिली. यह आतंकवाद की हार भले हो, पर हमारी जीत हरगिज नहीं है. इसीलिए हमारे लिए किसी तरह के विजयोत्सव की गुंजाइश नहीं बनती. अफजल की मृत्यु पर नाचने वाले लोग सिर्फ इसलिए देशप्रेमी नहीं कहे जा सकते कि वो एक देशद्रोही की मृत्यु पर खुश हुए. और कोई भी देश अपने एक बच्चे को खोकर खुश नहीं हो सकता, भले ही वो बच्चा कितना ही बिगड़ा हुआ क्यों न रहा हो.

Friday, 15 February 2013

प्रेम का रसायनशास्त्र !





आज प्रेम के नाभिकीय विखंडन का दिन है. प्रेम के पीछे पूरी निष्ठा से हाथ धोकर पड़े हुए लोगों के लिए एक ऐसी जानकारी है जिसके सहारे प्रेम का पोस्टमार्टम और प्रभावी ढंग से किया जा सकता है.  

वैज्ञानिकों ने आखिरकार प्रेम के लिए उत्तरदायी रसायनों को ढूढ़ लिया है. बेशक यह साहित्य वाला रसायन नहीं है लेकिन विभाव, अनुभाव और संचारी भावों की भूमिका यहाँ भी वही है. वैज्ञानिकों के मतानुसार यह इन रसायनों का ही कमाल है कि प्रेम पात्र को देखते या छूते ही त्वचा लाल हो जाती है, हथेलियों में पसीना आ जाता है. साँसों की गति विषम हो जाती है. और धड़कने शताब्दी एक्सप्रेस हो जाती हैं. वैसे तनाव के समय भी ऐसा ही होता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक हमारे शरीर में प्रेम और तनाव का परिपथ एक ही है.

वैज्ञानिकों ने प्रेम के इन तमाम लौकिक लक्षणों के लिए एम्फीटामीन और उसके सहधर्मी रसायनो—डोपामीन, नारइपीनेफ्रिन और खासतौर से  फिनाइल इथाइल एमीन को जिम्मेदार ठहराया है. फिनाइस इथाइल एमीन को इसके प्रारंभिक अक्षरों के कारण विज्ञान जगत में ‘ P ‘ के नाम से जाना जाता है. एंथोनी वैल्श ने एक किताब लिखी थी— ‘ द साइंस ऑफ लवः अंडरस्टैण्डिंग लव एन्ड इट्स इफेक्ट्स ऑन माइण्ड्स एन्ड बॉडी’ . लेखक ने कहा है कि प्रेम को एक प्राकृतिक नशा कहा है. उनके मुताबिक चहेते व्यक्ति को देखते ही P का कारखाना मानो चलने लगता है. और इस P  की वजह से ही प्रिय के चेहरे पर भोली मुस्कान खिल जाती है. लेकिन शरीर धीरे-धीरे इस प्रेम रसायन का आदी हो जाता है. परिणामस्वरूप प्यार का यह रासायनिक नशा चिरंजीवी नहीं होता.

दरअसल अन्य नशीली चीज़ों की तरह प्रेम रसायन की भी शारीरिक माग बढ़ जाती है. जबकि उसकी आपूर्ति में शरीर अक्षम होता है. न्यूयार्क साइकियाट्रिक इंस्टीट्यूट के डॉ. माइकल के मुताबिक प्रथम प्रेम का नशा मंद होते ही (जो कि स्वाभाविक है), व्यक्ति प्रेम के नशे की चरमावस्था को पुनः प्राप्त करने के पागलपन में  संबन्ध-दर-संबन्ध भटकता रहता है.

हालांकि प्रेम-पात्र का सतत सानिध्य मस्तिष्क में एंडार्फिन नामक एक अन्य रसायन का उत्पादन बढ़ा देता है. एम्फीटामीन जहाँ उत्तेजक रसायन है, वहीं एंडार्फिन प्रेम के कोमल एहसासों को जन्म देता है. यह प्रेम-पात्र में सुरक्षा, शान्ति, और कोमलता का भाव जगाता है. यही वजह है कि प्रिय के वियोग में एंडार्फिन की कमी साथी के लिए भयावह साबित होती है.

प्रेम रसायनों में तीसरा नाम है—ऑक्सीटोसिन. वैसे यह रसायन प्रसव के समय गर्भाशय के संकुचन तथा प्रसव के बाद स्तनों में दूध के उत्पादन के लिए उत्तरदायी है. वैज्ञानिकों के मुताबिक स्त्री-पुरुष के आलिंगन में भी इसकी भूमिका है. तथा यह रसायन काम आवेग को भी बढ़ाता है.

इतने शोधो-अध्ययनों और गहन अनुसंधानों के बावजूद पश्चिम के वैज्ञानिकों एवं पहुँचे हुए मनोवैज्ञानिकों ने भौतिक कोणों-दृष्टिकोणों की धुरी पर ही परखा है प्रेम को. भौतिक धुरी पर ही नर्तन करता रहा है उनका चिन्तन. यही कारण है कि पश्चिम में अधिकांश लोग प्रेम पाने के लिए जीवन भर भटकते रहते हैं, परन्तु प्रेम तक नहीं पहुँच पाते. एक फंतासी से दूसरी फंतासी में भटकना भोगवादी संस्कृति का अपरिहार्य परिणाम है. दरअसल काम की हारमोन-जनित-नियंत्रित क्रियाओं को ही प्रेम समझने का ही यह नतीजा है.

हमारी सेस्कृति में यह समय वसंतोत्सव का है. वसन्त 'काम' की ऋतु है और होली उद्दाम काम का उत्सव, प्राचीन भारत में वसन्त उत्सव काम-पूजा का उत्सव था. भारतीय सन्दर्भ में 'काम ', फ्रायड-युंग आदि के ' लिबिडो ' से अलग है. हमारे यहां काम सिर्फ ऐंद्रिक संवेदन नहीं है. हमारा काम दमित वासना की तुष्टि से आगे एक सर्जनात्मक आवेग है. यह हमारे जीवन का केन्द्रीय तत्व है. हमारे काम में थोड़ा मान, थोड़ा अभिमान, थोड़ा समर्पण, विपुल आकर्षण और सर्वस्व दान का भाव है. हमारी समस्त कलाएँ, राग-विराग, ग्रहण-दान, हमारे 'काम' से ही संचालित होते हैं.

हमारे धार्मिक ग्रन्थों में काम को परब्रह्म की एक विधायी शक्ति के रूप में माना गया है. यह परब्रह्म की उस मानसिक इच्छा का मूर्त रूप है, जो संसार की सृष्टि में प्रवृत्त होती है. इसीलिए कृष्ण कहते हैं---" धर्माविरुद्धो भूतेषु कामोस्मि भरतर्षभ । "---मैं जीवमात्र में धर्म के अविरुद्ध रहने वाला 'काम' हूँ. साफ है कि जो इच्छा धर्म के विरुद्ध जाए वह काम का विकृत रूप है. शास्त्र इसे अपदेवता कहते हैं. ब्रह्मसंहिता कहती है कि धर्म के अविरुद्ध रहने वाला काम साक्षात् विष्णुस्वरूप है. यह प्राणिमात्र के मन में  'स्मर ' या काम के रूप में रहता है. काम का यह रूप हमारे भीतर सत्-चित्-आनन्द पैदा करता है.

एक सखी राधा से कहती है---राधे ! सुन्दर दिखने वाले पुष्पों से लदी बेलों के स्पर्श से मादक बनी, मंद प्रवाहित होते मलय समीर के साथ, भौंरों की पंक्तियों से गुंजित तथा कोयलों के संगीत से कूजित कुंजों वाले तथा वियोगियों को संतप्त करनेवाली इस वसन्त ऋतु में प्रियतम श्रीकृष्ण, तरुणी गोपियों के साथ नृत्य कर रहे हैं.

यह नृत्य वसन्त का रास है. इसमें समर्पण और यौवन के आत्मदान का भाव है. इसीलिए सखी ऱाधा को समझाती है कि मान छोड़कर, सब कुछ कृष्ण को अर्पण कर दो.....श्रीकृष्ण रसराज भी हैं. उनकी लय,ताल,यति-गति और मति से एकात्म हो जाओ....यह समय फूलने-फलने का है. यह समय भीतर-बाहर कुछ नया रचने का है. यह नृत्य आत्मोत्सर्ग का नृत्य है. यह समय हवा का हो जाने का है, फूलों का हो जाने का है....यह समय निसर्ग में खो जाने का है.

Saturday, 9 February 2013

जिसका कोई इन्तज़ार न कर रहा हो/ अफ़ज़ाल अहमद

पाकिस्तान के समकालीन शायरों में सर्वाधिक चर्चित अफ़ज़ाल अहमद की पैदाइश गाज़ीपुर,  उ.प्र. की है. 1946, सितंबर की कोई तारीख । नज़्मों का पहला संग्रह  'छीनी हुई तारीख' 1984 में प्रकाशित हुआ था । ग़ज़लों का एक संग्रह भी  'खेमए सियाह' के नाम से प्रकाशित है । 1990 में नज़्मों का दूसरा संग्रह  ' दो ज़ुबानों में सज़ाए मौत' प्रकाशित हुआ । यहाँ उनकी दो नज़्में हम पढ़ते हैं.......

1.

जिसका कोई इन्तज़ार न कर रहा हो

जिसका कोई इंतज़ार न कर रहा हो
उसे नहीं जाना चाहिए वापस
आख़िरी दरवाज़ा बन्द होने से पहले ।

जिसका कोई इन्तज़ार नकर रहा हो
उसे नहीं फिरना चाहिए बेकरार
एक खूबसूरत राहदारी में
जब तक वो वीरान न हो जाए ।

जिसका कोई इन्तज़ार न कर रहा हो
उसे नहीं जुदा करना चाहिए
खून आलूद पांव से
एक पूरा सफर ।

जिसका कोई इन्तज़ार न कर रहा हो
उसे नहीं मालूम करनी चाहिए
फूलों के एक दस्ते की कीमत
या दिन, तारीख और वक्त ।

2.

जिससे मुहब्बत हो

जिससे मुहब्बत हो
उसे निकाल ले जाना चाहिए
आखिरी कश्ती पर
एक मादूम होते हुए शहर से
बाहर ।

उसके साथ
पार करनी चाहिए
गिराये जाने की सज़ा पाया हुआ एक पुल ।

उसे हमेशा मुख़्तसर नाम से पुकारना चाहिए ।

उसे ले जाना चाहिए
ज़िन्दा आतिश फसानों से भरे
एक जज़ीरे पर ।

उसका पहला बोसा लेना चाहिए
नमक की कान मे बनी
एक अज़ीयत देने की कोठरी के
अंदर ।

जिससे मुहब्बत हो
उसके साथ टाइप करनी चाहिए
दुनिया की तमाम नाइंसाफियों के ख़िलाफ़
एक अर्ज़दाश्त
जिसके सफ़हात
उड़ा देने चाहिए
सुबह
होटल के कमरे की खिड़की से
स्वीमिंग पूल की तरफ ।

*********************************************************************************
मादूम--नष्ट,  आतिशफसान--ज्वालामुखी,  जज़ीरा--द्वीप,  कान--खदान,  अज़ीयत--यातना,  अर्ज़दाश्त--प्रर्थनापत्र,  सफ़हात--पन्ने ।

( लिप्यंतरण--विजय कुमार )